केदारघाटी सोशल ऑर्गनाइजेशन का 26वां खेल, सांस्कृतिक एवं प्रतिभा सम्मान समारोह 25 दिसम्बर से होगा शुरू, उद्घाटन अवसर पर चक्रव्यूह का होगा मंचन

गुप्तकाशी। केदारघाटी सोशल ऑर्गनाइजेशन (केएसओ) का 26वां खेल, सांस्कृतिक एवं प्रतिभा सम्मान समारोह 25 दिसम्बर को उत्सव ग्रुप द्वारा चक्रव्यूह मंचन के साथ प्रारम्भ होगा।
केदारघाटी के गुप्तकाशी में केएसओ द्वारा विगत कई वर्षों से खेल सांस्कृतिक एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाता है, इस वर्ष भी 25 दिसम्बर से यह आयोजन प्रारम्भ होगा। हालांकि इस वर्ष समारोह के शुभारंभ अवसर पर गढ़वाली भाषा में आचार्य कृष्णानन्द नौटियाल, प्रो. दाताराम पुरोहित, सर्वेश्वर दत्त कांडपाल द्वारा रचित चक्रव्यूह डॉ राकेश भट्ट के निर्देशन में उत्सव ग्रुप द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। चक्रव्यूह का मंचन अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज गुप्तकाशी के मैदान में होगा।
केएसओ के अध्यक्ष ओम प्रकाश गोस्वामी ने बताया कि इस वर्ष समारोह के शुभारंभ अवसर पर चक्रव्यूह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले समारोह के द्वितीय दिवस से कैरम व शतरंज प्रतियोगिता आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि समारोह का निमंत्रण प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा नौटियाल को भी दिया गया है। वहीं, केएसओ के संयोजक मनोज पांडे ने कहा कि समारोह में समाज मे उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान भी किया है। इस मौके पर रवि पांडेय, माधव कर्नाटकी, योगेंद्र शुक्ला, चंद्र प्रकाश गोस्वामी, वेद प्रकाश जमलोकी, कमल रावत सहित सभी सदस्य मौजूद रहे।



