उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

पीएमश्री राइका चोपता में शिक्षकों की कमी,मुख्य शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, एक माह में पद न भरने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

जिपं सदस्य सम्पन्न नेगी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, विद्यालय में लंबे समय से खाली हैं प्रधानाचार्य सहित मुख्य विषयों के पद,

रुद्रप्रयाग। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज चोपता में शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर अब जनाक्रोश बढ़ने लगा है। शिक्षकों की कमी के चलते छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने पर जनप्रतिनिधियों ने भी आवाज बुलंद कर दी है। इसी क्रम में जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में खाली पड़े पदों को शीघ्र भरने की पुरजोर मांग की है।

जिपं सदस्य सम्पन्न नेगी ने ज्ञापन के माध्यम से शिक्षा विभाग का ध्यान आकृष्ट करते हुए बताया कि छात्र संख्या के लिहाज से पीएम श्री राइका चोपता रुद्रप्रयाग जिले में दूसरे स्थान पर आता है। इतने महत्वपूर्ण और अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालय होने के बावजूद यहां शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से प्रधानाचार्य का पद रिक्त है। इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद भी खाली चल रहे हैं।

उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि रिक्त पदों को भरने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। शिक्षकों के अभाव में बच्चों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है, जो सीधे तौर पर नौनिहालों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

ज्ञापन सौंपने के बाद नेगी ने बताया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए एक माह के भीतर समाधान का आश्वासन दिया है। इस पर जिपं सदस्य ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती है, तो क्षेत्रीय जनता और छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के साथ मिलकर विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आंदोलन से उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

इस दौरान क्षेत्र के कई अभिभावकों और स्थानीय निवासियों ने भी जिपं सदस्य की मांग का समर्थन करते हुए शिक्षा विभाग से बच्चों के भविष्य को देखते हुए जल्द से जल्द शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!