ऑफ़लाइन पंजीकरण शुरू करने एवं राजमार्ग पर अनावश्यक लगे बैरियर को हटाने की मांग को लेकर व्यवसायियों का विरोध प्रदर्शन

विरोध प्रदर्शन में ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे सक्षम अधिकारी
फाटा। चारधाम यात्रा में प्रदेश सरकार द्वारा ऑफ़लाइन पंजीकरण बंद करने एवं अनावश्यक रास्ते में बैरियर लगाए जाने के विरोध में केदारघाटी होटल एसोसिएशन ने जुलूस प्रदर्शन किया।
श्री केदारधाम होटल ऑनर्स एसोसिएशन के बैनर तले शुक्रवार को अध्यक्ष प्रेम गोस्वामी के नेतृत्व में केदारघाटी के समस्त होटल लॉज ,ढाबा, जीप टैक्सी यूनियन सहित यात्रा पर आश्रित समस्त व्यवसायियों ने जुलूस प्रदर्शन कर अपना विरोध प्रकट किया।
शुक्रवार को केदारघाटी के समस्त व्यवसाई प्रातः दस बजे सीतापुर स्थित पाटी गाड़ पुल पर एकत्रित हुए। व्यवसाइयों ने पाटीगाड़ पुल से अशोका पैलेस तक जुलूस निकाला जिसमें सरकार की चारधाम विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। उसके पश्चात बायपास तिराहे पर प्रदेश सरकार की यात्रा विरोधी गलत नीतियों का पुतला दहन किया गया। विरोध प्रदर्शन में होटल एसोसिएशन को व्यपार संघ एवं जीप टैक्सी यूनियन गुप्तकाशी का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ।
इस दौरान होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा पर अव्यवस्थाओं को छुपाने के लिए यात्रा को प्रभावित कर रही है। हरिद्वार ऋषिकेश में चल रहे ऑफ़लाइन पंजीकरण को बंद किया गया, जिसका खामियाजा चारधाम के व्यवसायियों को भुगतना पड़ा , व्यसायियों ने ऑफ़लाइन रजिस्ट्रेशन को पुनः शुरू करने एवं राजमार्ग पर अनावश्यक लगाए गए बैरियर को हटाने की मांग को लेकर आज सीतापुर में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश सरकार से शीघ्र यात्रा पर लगी पाबंदियां हटाने की मांग की है।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रमोद नौटियाल ने कहा कि चारधाम यात्रा शुरुवाती दौर में रिकार्डतोड़ यात्री दर्शनों को पहुंच रहे थे, वहीं, यात्रा में अव्यवस्थाओं के कारण भीड़ लगने लगी जिसको लेकर प्रदेश सरकार ने हरिद्वार ऋषिकेश स्थित ऑफ़लाइन पंजीकरण काउंटर को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि, केदारघाटी के सभी व्यवसायियों ने यात्रा में ऑफलाइन पंजीकरण को शुरू करने की मांग की है।
वहीं केदारघाटी के व्यवसायियों ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला प्रशासन का कोई भी नुमाइंदा उनके सम्मुख ज्ञापन लेने नही पहुंचा।
इस दौरान कनिष्ठ प्रमुख ब्लॉक उखीमठ शैलेन्द्र कोटवाल,जिला महिला मोर्चा उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन जमलोकी, होटल एसोसिएशन सचिव नितिन जमलोकी, व्यपार संघ अध्यक्ष सोनप्रयाग अंकित गैरोला, व्यपार संघ अध्यक्ष गौरीकुण्ड रामचन्द्र गोस्वामी, शहीद गोविंद सिंह जीप टैक्सी यूनियन गुप्तकाशी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, सचिव रजनीश गैरोला, व्यपार संघ अध्यक्ष अशोक कुनियाल सहित केदारघाटी के समस्त व्यवसाई उपस्थित रहे।



