गैरसैंण में 13 से 18 मार्च तक आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र के लिए तैयारियां शुरू

गैरसैंण में 13 से 18 मार्च तक आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र के लिए तैयारियां शुरू
चमोली। गैरसैंण में आगामी 13 से 18 मार्च तक आयोजित होने वाले विधानसभा बजट सत्र को लेकर जिला प्रशासन ने भराड़ीसैंण गैरसैण में तैयारियां शुरू कर दी है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र ने मंगलवार को समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए सत्र से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि, विधानसभा बजट सत्र में प्रतिभाग करने वाले माननीय मंत्रियों, विधायकों एवं शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को आवास आरक्षित करने के साथ ही सत्र की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।
वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग को आदिबद्री से दिवाली खाल और लोनिवि को दिवालीखाल से भराड़ीसैंण हेलीपैड तक मोटर मार्ग पर पेचवर्क, साइनेज, रिफलेक्टर आदि के साथ मार्ग को दुरुस्त करने तथा भराड़ीसैंण, सालियाना बैंड एव गौचर स्थित हैलीपेडो में फायर ब्रिगेड, सेफ हाउस तैयार करने और संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
वहीं पुलिस विभाग को सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करने तथा संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग , फायर ब्रिगेड, वाटर कैनन, लाउडस्पीकर, सीसीटीवी सहित अन्य उपकरणों की समुचित व्यवस्था करने को कहा है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही जल संस्थान एवं जल निगम को भराड़ीसैंण स्थित सभी आवासों में पेयजल की आपूर्ति तथा हेलीपैड एव अन्य प्रमुख स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को बजट सत्र के दौरान विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने को कहा है। चिकित्सा विभाग को भराड़ीसैंण में अस्थाई स्वास्थ्य सेंटर बनाने एवं चिकित्सकों की तैनाती के निर्देश दिए। क्षेत्र के सभी सीएचसी व पीएचसी में पर्याप्त संख्या में दवाइयां एवं चिकित्सकों की तैनाती करने को कहा है।
जिलापूर्ति अधिकारी को पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल, पेट्रोल की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है।
दूरसंचार विभाग को विधानसभा भवन, सचिवालय, वीआईपी आवास, मीडिया सेल आदि प्रमुख स्थलों पर वाई फाई एव नेटवर्क की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग को वीआईपी, वीवीआईपी तथा उच्च अधिकारियों के स्कॉट व अन्य वायस्थाओं के लिए पर्याप्त वाहनों का अधिग्रहण करने को कहा है। नगर पंचायत गैरसैंण को विधानसभा परिसर एवं आवासों में नियमित साफ-सफाई हेतु सफाई कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम कमलेश मेहता, एसडीएम हिमांशु काफलटिया, सीओ पुलिस अमित शाह, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, सहित लोनिवि, जल संस्थान, जल निगम, उरेडा, विद्युत, खाद्यान्न आपूर्ति, जीएमवीएन, नगर पंचायत इत्यादि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



