उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

छेनागाड़ आपदा में लापता 09 में से अब तक 07 व्यक्तियों के शव बरामद, एक शव की हुई शिनाख्त

छेनागाड़ आपदा में लापता 09 में से अब तक मिले 07 व्यक्तियों के शव बरामद, एक शव की हुई शिनाख्त, अन्य शवों की पहचान प्रक्रिया जारी

रुद्रप्रयाग। तहसील बसुकेदार क्षेत्रांतर्गत छेनागाड़ में बीते 28 अगस्त की रात्रि को आई भीषण आपदा के कारण नौ लोग, जिनमें चार नेपाली मूल के व्यक्ति भी सम्मिलित थे, लापता हो गए थे।

घटना के उपरांत से ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, डी.डी.आर.एफ. एवं अन्य संबंधित एजेंसियों द्वारा लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। आपदा की गंभीरता एवं दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रशासनिक टीमें निरंतर अथक प्रयासों में जुटी हुई हैं।

लगातार जारी प्रयासों के परिणामस्वरूप अब तक कुल सात(07) शव/अवशेष बरामद किए जा चुके हैं।

दिनांक 24 अक्टूबर को पीडब्ल्यूडी ऊखीमठ के कार्मिकों द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्र में दो शव दिखाई देने की सूचना प्रशासन को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही डी.डी.आर.एफ. टीम बसुकेदार तत्काल मौके पर पहुंची तथा दोनों शवों को सर्च ऑपरेशन के तहत बरामद कर पुलिस के सुपुर्द किया गया।

इसके उपरांत  25 अक्टूबर को चलाए गए सघन सर्च अभियान के दौरान पांच अन्य शव/अवशेष बरामद किए गए। इस प्रकार अब तक कुल सात(07) व्यक्तियों के शव बरामद हो चुके हैं।

शिनाख्त एवं अन्य विवरण

बरामद शवों में से एक व्यक्ति की पहचान कुलदीप सिंह नेगी, पुत्र बीरबल सिंह नेगी, निवासी ग्राम उछोला (भोर), थाना गुप्तकाशी, जनपद रुद्रप्रयाग, आयु 25 वर्ष, व्यवसाय वन श्रमिक, के रूप में परिजनों द्वारा की गई है।

शेष बरामद शवों की शिनाख्त प्रक्रिया जारी है। जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आवश्यक पंचनामा एवं अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

प्रशासनिक कार्यवाही

जिला प्रशासन द्वारा प्रारंभ से ही आपदा प्रभावित क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा रहा है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और मलबे की गहराई को देखते हुए प्रशासनिक टीमों ने बड़े बोल्डरों पर ब्लास्टिंग कर सर्च कार्य को गति दी गई है।

सभी लापता व्यक्तियों के अवशेषों की खोज एवं पहचान सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, डी.डी.आर.एफ. एवं स्थानीय विभागों की टीमें लगातार क्षेत्र में डटी हुई हैं।

जिला प्रशासन आपदा में मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक लापता व्यक्ति की खोज एवं पहचान की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!