कांग्रेस के 139 वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने राज्य आन्दोलनकारी अमर शहीद अशोक कैशिव के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 139 वां स्थापना दिवस ऊखीमठ में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी अमर शहीद अशोक कैशिव के स्मारक पर माल्यापर्ण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत ने कहा कि पूरे देश में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की 139 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश को विकास के पायदान पर पहुंचा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कांग्रेस पार्टी की स्थापना के इतिहास के बारे में और देश हित में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के द्वारा लिए गए निर्णयों को बता कर अवगत कराया। कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत ने केन्द्र व प्रदेश सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि मंहगाई आज चरम है तथा युवा रोजगार के लिए दर – दर भटकने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा प्रदेश में अघोषित विद्युत कटौती से विद्युत व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों का व्यवसाय चौपट हो चुका है। उन्होंने कहा कि पर्यटन व तीर्थाटन को बढ़ावा देने का ढिंढोरा पीटने वाली प्रदेश सरकार आज युवाओं की रोजी – रोटी के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को आगामी लोक सभा व नगर निकाय चुनावों में जुट जाने का आवाहन किया। कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रदीप धर्म्वाण ने कहा हर कार्यकर्ता को अभी से आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटना होगा तथा बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूती देने के लिए प्रयास करना होगा। इस मौके पर कांग्रेस सेवादल के पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीत रावत, कैलाश पुष्वाण, दिनेश चन्द्र सेमवाल, सुरेन्द्र पुष्वाण, धर्मेन्द्र पुष्वाण सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।



