नगरासू गुरुद्वारा विवाद तीसरे दिन भी जारी, छत पर डटे 5 निहंग सिख

सेवादार ने बयां किया भय का माहौल,
भोजन लेने नीचे आया निहंग पकड़ा गया,
रुद्रप्रयाग। नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में बीते शनिवार से शुरू हुआ विवाद अब तीसरे दिन भी थमता नजर नहीं आ रहा है। गुरुद्वारे में तैनात सेवादार परविंदर सिंह ने दावा किया है कि पूरे परिसर में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
सेवादार परबिंदर सिंग के अनुसार, गुरुद्वारे की छत पर डटे निहंग सिख लगातार प्रशासन और सुरक्षा बलों को चुनौतीपूर्ण इशारे कर रहे हैं। मौके पर भारी संख्या में पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात हैं, लेकिन स्थिति अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत शनिवार दोपहर हुई थी। तब से लेकर अब तक घटनाक्रम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। एक निहंग सिख पहले ही रविवार को आत्मसमर्पण कर चुका है, जबकि सोमवार सुबह भोजन लेने नीचे आए एक अन्य निहंग को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बावजूद अब भी 5 निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर डटे हुए हैं।
सेवादार परविंदर सिंह का कहना है कि गुरुद्वारे में आने वाले श्रद्धालु असहज महसूस कर रहे हैं और सामान्य धार्मिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छत पर मौजूद निहंग सिखों के व्यवहार से भय का वातावरण बना हुआ है।
उधर प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। पुलिस, आईटीबीपी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर तैनात रहकर स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित करने के प्रयास कर रहे हैं। पूरे घटनाक्रम पर जिलेभर की निगाहें टिकी हुई हैं और सभी को इस गतिरोध के शांतिपूर्ण समाधान का इंतजार है।



