उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग की बदहाली पर भड़के मोहित डिमरी, डीएम को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी,

करोड़ों की इमारत, फिर भी दो परिसरों में चल रहा  कॉलेज,

रुद्रप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग की बदहाल व्यवस्थाओं और छात्रों को हो रही परेशानियों को लेकर युवा नेता एवं रुद्रप्रयाग विधानसभा से पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा (आईएएस) से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने महाविद्यालय की वर्तमान स्थिति को शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
मोहित डिमरी ने कहा कि जवाड़ी में करोड़ों रुपये की लागत से अत्याधुनिक महाविद्यालय भवन तैयार होने के बावजूद आज तक कॉलेज का संचालन दो अलग-अलग परिसरों से किया जा रहा है। अधिकांश कक्षाएं नए परिसर में संचालित हो रही हैं, जबकि मुख्य प्रशासनिक कार्यालय, पुस्तकालय और प्राचार्य कक्ष अब भी पुराने परिसर में ही चल रहे हैं। इस अव्यवस्था के कारण छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को बार-बार दोनों परिसरों के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी हो रही है। उन्होंने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग का भी उदाहरण बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के चलते कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास और विज्ञान प्रयोगशालाएं वर्षों से बंद पड़ी हैं। विज्ञान संकाय के कई विद्यार्थियों ने बिना समुचित प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) शिक्षा के ही डिग्री प्राप्त कर ली, जो उच्च शिक्षा की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। साथ ही, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्किल डेवलपमेंट एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का लाभ भी महाविद्यालय के विद्यार्थियों को नहीं मिल पा रहा है।
डिमरी ने जिलाधिकारी को बताया कि जवाड़ी स्थित नए परिसर तक नियमित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं होने के कारण विशेष रूप से छात्राओं को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सुझाव दिया कि क्षेत्र में कार्यरत मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एमईआईएल) के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए बस सेवा शुरू कराई जाए तथा महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्षों और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास कराया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की कि महाविद्यालय का संपूर्ण प्रशासनिक कार्य, पुस्तकालय, प्राचार्य कक्ष तथा सभी संकायों की कक्षाओं का संचालन तत्काल प्रभाव से जवाड़ी स्थित नए परिसर में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशालाओं सहित सभी शैक्षणिक सुविधाओं को जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
मोहित डिमरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!