उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

बधाणीताल के विकास को लेकर सौन्दर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास

विधायक रुद्रप्रयाग एवं जिलाधिकारी के प्रयासों से संवर रहा बधाणीताल, पर्यटन विकास को मिलेगी नई गति

“स्थानीय सहभागिता के साथ पर्यटन संवर्धन: बधाणीताल विकास कार्यों का भव्य शुभारंभ”

रूद्रप्रयाग। राज्य सेक्टर (वर्ष 2025-26) के अंतर्गत पर्यटन विकास हेतु अवस्थापना निर्माण योजना के तहत जनपद रुद्रप्रयाग के विकासखण्ड जखोली स्थित बधाणीताल के सौन्दर्यीकरण एवं विकास कार्यों (स्वीकृत लागत रु० 336.52 लाख) का शिलान्यास कार्यक्रम मंगलवार को गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत एवं जिलाधिकारी प्रतीक जैन द्वारा संयुक्त रूप से विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम से पूर्व स्थानीय ग्रामीणों द्वारा जनपद के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का पारंपरिक ढंग से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधिविधान से पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। प्रस्तावित कार्यों के अंतर्गत ग्लास हाउस, कैफेट एरिया, रैलिंग एवं फुटपाथ, बहुउद्देशीय मंच तथा ताल का सौन्दर्यीकरण किया जाना है, जिससे बधाणीताल को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकेगा। इन कार्यों की कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग, रुद्रप्रयाग है।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी प्रतीक जैन सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय जनमानस द्वारा स्थानीय मातृशक्ति के साथ बधाणीताल की परिक्रमा भी की गई। इस अवसर पर धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी ने कहा कि बधाणीताल क्षेत्र अपने रमणिक एवं नैसर्गिक सौंदर्य के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि ऐसे प्राकृतिक एवं शांत पर्यटन स्थलों को संरक्षित रखते हुए विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि मा० मुख्यमंत्री द्वारा दिनांक 14 अप्रैल 2022 को बधाणीताल क्षेत्र का भ्रमण किया गया था, यहां के प्राकृतिक सौंदर्य से वे भी अत्यंत प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा कि आज इसी दृष्टि के अनुरूप बधाणीताल क्षेत्र को पर्यटन विकास के रूप में नया आयाम मिल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर प्राप्त होंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि बधाणीताल प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण क्षेत्र है तथा यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि जनपद के दूरस्थ एवं प्राकृतिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर सुदृढ़ पहचान दिलाई जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर प्राप्त हों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

जिलाधिकारी द्वारा बधाणीताल के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि पर्यटन विकास के साथ-साथ क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ताल में मछलियों को दाना खिलाया तथा क्षेत्र को स्वच्छ एवं संरक्षित बनाए रखने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि बधाणीताल को केंद्र में रखकर संपूर्ण बांगर क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना जिला प्रशासन का लक्ष्य है, जिसके अंतर्गत नए ट्रैकिंग मार्गों का विकास, होम-स्टे योजनाओं के माध्यम से आजीविका संवर्धन एवं ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गांवों के आंतरिक मार्गों को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक बजट प्रावधान किए जा रहे हैं। साथ ही मयाली–बधाणीताल सड़क मार्ग पर भी निरंतर कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र ही सुचारु किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम हो सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा स्थानीय ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रुद्रप्रयाग महावीर पंवार ने कहा कि बधाणीताल क्षेत्र लंबे समय से पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र रहा है, किंतु अब सुनियोजित प्रयासों से इसे वास्तविक पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पर्यटन को रोजगार से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन की समस्या पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उप जिलाधिकारी जखोली अनिल सिंह रावत, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रुद्रप्रयाग महावीर पंवार, जिला पंचायत सदस्य गयाड़ू लाल, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!