नाबार्ड योजनान्तर्गत पालीहाउस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

लक्ष्मण सिंह नेगी
उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन पर दिया गया विशेष जोर।
ऊखीमठ। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के तत्वावधान में ब्लॉक सभागार में नाबार्ड योजनान्तर्गत निर्मित पालीहाउस से संबंधित मानकों एवं पालीहाउस के अंतर्गत उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने मुख्य अतिथि तथा कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण में विभिन्न क्षेत्रों के प्रगतिशील काश्तकार प्रतिभाग कर रहे हैं। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पालीहाउस तकनीक के माध्यम से मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी गुणवत्तापूर्ण एवं अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने किसानों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाकर इसे व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने यात्रा सीजन स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय प्रशासन, मन्दिर समिति, स्वयं सहायता समूह, उद्यान विभाग व काश्तकारों की संयुक्त कार्यशाला आयोजित करने के सुझाव दिए। विशिष्ट अतिथि कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। नाबार्ड के सहयोग से निर्मित पालीहाउस किसानों के लिए लाभकारी साबित होंगे तथा क्षेत्र में व्यावसायिक एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा मिलेगा।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस जिला उद्यान अधिकारी राजेश प्रसाद जसोला तथा कृषि विज्ञान केन्द्र जाखधार के वैज्ञानिक डा0 अंशुल आर्य व डा0 अंकित डुंगरियाल ने प्रतिभागी काश्तकारों को पालीहाउस निर्माण के मानकों, रखरखाव, तापमान एवं नमी प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था, रोग एवं कीट नियंत्रण तथा उच्च मूल्य वाली सब्जियों एवं पुष्प फसलों के वैज्ञानिक उत्पादन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ने बताया कि पालीहाउस तकनीक अपनाकर सीमित भूमि से भी अधिक उत्पादन एवं बेहतर गुणवत्ता प्राप्त की जा सकती है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी राजेश प्रसाद जसोला ने काश्तकारों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न उद्यानिकी योजनाओं, अनुदान सुविधाओं तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की भी जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने वैज्ञानिकों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया और पालीहाउस आधारित खेती में रुचि दिखाई। प्रशिक्षण के आगामी सत्रों में काश्तकारों को पालीहाउस प्रबंधन, उन्नत उत्पादन तकनीकों तथा विपणन संबंधी व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर उद्यान ब्लॉक प्रभारी हरेन्द्र पंवार ने बताया कि पूरे विकासखंड में लगभग 200 पाली हाउस का निर्माण किया जाना है जबकि संचालन ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक मनोज बिष्ट ने किया। इस मौके पर प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, बलवीर पंवार, प्रगतिशील काश्तकार बलवीर राणा, राजेन्द्र धर्म्वाण, भूपेन्द्र राणा, प्रताप धर्म्वाण, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष गौरव भट्ट, अनिल धर्म्वाण, कुंवर सिंह नेगी, नन्दराम सेमवाल मिथला देवी, पूनम नौटियाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रगतिशील काश्तकार मौजूद थे।



