केदारनाथ विधायक ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से की मुलाकात, चोपता पॉलीटेक्निक भवन निर्माण एवं केदारनाथ रोपवे परियोजना में 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को मिले रोजगार पर की वार्ता

केदारनाथ विधायक ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से की मुलाकात,
चोपता पॉलीटेक्निक भवन निर्माण एवं केदारनाथ रोपवे परियोजना में 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को मिले रोजगार पर की वार्ता
केदारनाथ धाम की प्रथम चरण की यात्रा के सफल व सुव्यवस्थित संचालन पर जताया आभार।
रूद्रप्रयाग। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने आज प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के समग्र विकास, जनकल्याण एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल के साथ विधायक नौटियाल ने केदारनाथ धाम की यात्रा के प्रथम चरण के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। विधायक नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार की प्रभावी व्यवस्थाओं के परिणामस्वरूप इस वर्ष अब तक 14 लाख से अधिक रिकॉर्ड श्रद्धालु श्री केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। इससे धार्मिक तीर्थाटन को नई ऊँचाइयाँ मिली हैं, स्थानीय व्यापार एवं स्वरोजगार को अभूतपूर्व गति मिली है तथा हजारों स्थानीय नागरिकों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं।
इस दौरान उन्होंने केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण एवं संतुलित विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। इनमें चोपता पॉलीटेक्निक भवन का शीघ्र निर्माण, केदारनाथ रोपवे परियोजना में न्यूनतम 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं एवं नागरिकों को रोजगार सुनिश्चित करने , विद्यापीठ में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की स्थापना, विभिन्न मोटर मार्गों के सुधारीकरण एवं अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाना, प्रमुख स्थानों पर पार्किंग स्थलों का निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण, केदारनाथ–चौमासी पैदल मार्ग के शेष निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने , विद्यालयों के उच्चीकरण तथा क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं मंदिरों में आधारभूत सुविधाओं के विकास आदि विषयों पर चर्चा की।
विधायक नौटियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास, धार्मिक पर्यटन के सुदृढ़ीकरण तथा स्थानीय नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास की प्रत्येक योजना का मूल उद्देश्य जनसुविधाओं का विस्तार, क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूती प्रदान करना तथा केदारनाथ विधानसभा को विकास और समृद्धि के नए आयामों तक पहुँचाना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य जयवर्द्धन कांडपाल, संपन्न नेगी, गंभीर सिंह बिष्ट, अमित मैखंडी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी, तल्लानागपुर संघर्ष समिति के अध्यक्ष अमित प्रदाली, लक्ष्मण बर्तवाल, मंडल अध्यक्ष अर्जुन नेगी, मंडल अध्यक्ष दलवीर नेगी, विभिन्न ग्राम प्रधान एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



