केदारनाथ धाम में विश्व शांति के लिए 11 दिवसीय शिवमहापुराण कथा का शुभारंभ

केदारनाथ धाम में विश्व शांति के लिए 11 दिवसीय शिवमहापुराण कथा का शुभारंभ
श्रावण मास में जल कलश यात्रा, हनुमान ध्वजा स्थापना और वेद मंत्रों के बीच शुरू हुआ धार्मिक अनुष्ठान
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में विश्व शांति, मानव कल्याण और सनातन संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से शनिवार से 11 दिवसीय संगीतमय शिवमहापुराण कथा का शुभारंभ हो गया। केदारसभा केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों की ओर से आयोजित यह धार्मिक आयोजन आज से 11 अगस्त तक श्रावण मास के दौरान चलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार प्रातः भगवान केदारनाथ मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ हुआ। सुबह आठ बजे सभी केदारवासी मंदिर प्रांगण में एकत्र हुए, जिसके बाद ॐ चौक स्थित जलाराम निवास से हनुमान ध्वजा को शोभायात्रा के साथ कथा मंडप तक लाया गया और विधिवत स्थापना की गई।
इसके बाद श्रद्धालु ॐ नमः शिवाय के जयघोष के साथ मां सरस्वती के उद्गम स्थल स्वर्गद्वारी पहुंचे, जहां से विशाल जल कलश यात्रा निकाली गई। जल कलश यात्रा में मुख्य यजमान के रूप में सुखानी परिवार ने सहभागिता निभाई। वेद मंत्रों और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरी केदारपुरी भक्तिमय वातावरण में सराबोर रही।
इस अवसर पर कथा का वाचन प्रसिद्ध सरस कथावाचक आचार्य शिवराम भट्ट करेंगे। अनुष्ठान में आचार्य पं. अरुण शुक्ला एवं आचार्य संजय तिवारी आचार्य पद पर तथा आचार्य बिपिन जमलोकी ब्रह्मा पद पर आसीन रहेंगे।
केदारसभा ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित श्री शिवमहापुराण कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा का श्रवण कराया जाएगा तथा विश्व शांति और समस्त मानवता के कल्याण की कामना के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
कार्यक्रम में केदार सभा के अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, उपाध्यक्ष विष्णु कान्त कुर्माचली, महामंत्री डॉ. राजेन्द्र प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष प्रवीण चन्द्र तिवारी, मंत्री अंकित सेमवाल, मीडिया प्रभारी पं. पंकज शुक्ला सहित अनेक तीर्थ पुरोहित, स्थानीय श्रद्धालु, मंदिर समिति के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।



