रुद्रप्रयाग में भारी बारिश का असर, उफान पर अलकनंदा-मंदाकिनी, प्रशासन हाई अलर्ट पर

रुद्रप्रयाग। जनपद में बीती रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां तेज उफान पर बह रही हैं। बेलनी क्षेत्र में अलकनंदा नदी के किनारे स्थापित शिव प्रतिमा पूरी तरह जलमग्न हो गई है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और अलकनंदा चेतावनी स्तर के बेहद करीब पहुंच गई है। हालात को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
बीती रात से जारी बारिश के चलते रुद्रप्रयाग में नदी-नाले उफान पर हैं। अलकनंदा और मंदाकिनी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे नदी किनारे के इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। बेलनी में अलकनंदा नदी के किनारे स्थित भगवान शिव की प्रतिमा पूरी तरह पानी में डूब गई है, जो नदी के बढ़ते जलस्तर की गंभीरता को दर्शा रही है।
प्रशासन के अनुसार अलकनंदा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर के बेहद करीब पहुंच चुका है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन, पुलिस और संबंधित विभाग लगातार नदी के जलस्तर की निगरानी कर रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, अफवाहों पर ध्यान न दें और मौसम विभाग व प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से भी बचने की सलाह दी गई है।



