उत्तराखंडगांवफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

ऊखीमठ के भटेश्वर वार्ड में धूमधाम से मनाया गया हरियाली पर्व

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। नगर क्षेत्रांतर्गत भटेश्वर वार्ड में पारंपरिक आस्था और उल्लास के साथ बी माता का हरियाली पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पूरे वार्ड में धार्मिक वातावरण बना रहा और ग्रामीणों ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ पर्व में भागीदारी निभाई। हरियाली पर्व के तहत महिलाओं और ग्रामीणों द्वारा अपने-अपने घरों में बोई गई जौ की हरियाली को निर्धारित स्थान पर एकत्रित कर प्राकृतिक जलस्रोत तक ले जाया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद जौ की हरियाली का विसर्जन किया गया।
पूर्व प्रधान प्रकाश रावत ने बताया कि यह पर्व प्रकृति, कृषि और समृद्धि से जुड़ा हुआ है। हरियाली का विसर्जन करते समय लोगों ने विश्व शांति, समृद्धि तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने भजन – कीर्तन व लोकगीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। पर्व के आयोजन में विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने समूह बनाकर पूजा-अर्चना की और आपसी भाईचारे व एकता का संदेश दिया।
पूर्व सभासद रवीन्द्र रावत ने बताया कि हरियाली पर्व उनकी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे पीढ़ी दर पीढ़ी संजोकर रखा जा रहा है। यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि सामाजिक एकता और प्रकृति के प्रति सम्मान को भी दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ ग्रामीणों ने युवाओं को इस परंपरा के महत्व के बारे में जानकारी दी और इसे भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया। भटेश्वर वार्ड में आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर यह साबित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी परंपराएं जीवित हैं और लोग पूरी श्रद्धा के साथ अपने रीति-रिवाजों का निर्वहन कर रहे हैं। ब हरियाली त्योहार के पावन अवसर पर ग्रामीणों ने क्षेत्र की उन्नति, समृद्धि और सुख-शांति की कामना करते हुए पर्व को हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न किया। इस मौके पर ग्राम समिति अध्यक्ष दलपत सिंह पंवार, पूर्व प्रधान इन्दु देवी रावत , महेश बर्त्वाल, रेखा रावत, राकेश तिवारी, गीता देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष अंजू देवी, सन्तोष शैव , भरत सिंह रावत, शंकर रावत , वीरेन्द्र रावत , मनोरमा पुष्वाण, भरोसी रावत, सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!