उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

कालीमठ घाटी के जाल तल्ला में सार्वजनिक कार्यों में शराब परोसने पर पाबंदी, 21 हजार जुर्माना तय

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। रूद्रप्रयाग जनपद के कालीमठ घाटी की ग्राम पंचायत जाल तल्ला में ग्रामीणों ने एकजुट होकर सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। बैठक में सामाजिक सरोकारों, युवाओं के भविष्य और गांव के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय सर्वसम्मति से पारित किया गया।
प्रधान प्रदीप राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होता है, जिससे आपसी सौहार्द एवं पारिवारिक मूल्यों पर नकारात्मक असर पड़ता है। विशेष रूप से युवाओं पर इसके दुष्परिणाम को देखते हुए इस पर रोक आवश्यक है। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार यदि कोई व्यक्ति या परिवार सार्वजनिक कार्यों—जैसे शादी-विवाह, धार्मिक आयोजन या अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों—में शराब परोसता पाया जाता है, तो उस पर 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। ग्रामीणों ने इस नियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का भी संकल्प लिया। बैठक के बाद गांव में जन जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें पुलिस प्रशासन, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया और लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने में इस तरह की पहल बेहद सराहनीय है और पुलिस प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा । रैली में ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि गांव की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मर्यादाओं को बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी था। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक सुधार के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस मौके पर एस आई अनिल कुमार, राकेश रावत, कैलाश गोस्वामी, प्रवीन पंवार, महिला मंगल दल उपाध्यक्ष सोनिता देवी, सचिव सोनम देवी, कोषाध्यक्ष सविता देवी, विनीता देवी, पूजा देवी, रेखा देवी, सरला देवी, महेशी देवी, आरती देवी, विजया देवी, कमला देवी, सोबनी देवी, शान्ता देवी, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष खिलेश सिंह, सन्तोष सिंह, प्रमोद सिंह, नवीन सिंह, सुबोध सिंह, आनन्द सिंह, प्रवीण सिंह, अशोक सिंह, अमित सिंह, सूरज सिंह, राजेन्द्र सिंह, सुनील सिंह, प्रकाश सिंह, भरत सिंह, सन्दीप सिंह, अर्जुन सिंह, अनूप सिंह सहित गांव के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व ग्रामीण मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!