वन विभाग गुप्तकाशी यूनिट ने ग्राम जामू क्षेत्र में चलाया स्वच्छता अभियान, हेली सेवाओं सहित ढाबा संचालकों को जंगलों में कूड़ा न फेंकने के निर्देश
वन विभाग गुप्तकाशी यूनिट ने ग्राम जामू क्षेत्र में चलाया स्वच्छता अभियान,
हेली सेवाओं सहित ढाबा संचालकों को जंगलों में कूड़ा न फेंकने के निर्देश
फाटा। केदारनाथ यात्रा में इन दिनों बड़ी तादात में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं के पहुंचने से यात्रा पड़ावों सहित जंगल क्षेत्रों में भी कूड़ा अपशिष्ट एकत्र हो रहा है। जिसको लेकर बुधवार को वन विभाग गुप्तकाशी यूनिट द्वारा मानव-वन्यजीव संघर्ष संवेदनशील क्षेत्र ग्राम जामू एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्थानीय दुकानदारों, यात्रियों एवं हेलीपैड के आसपास के क्षेत्रों में उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने तथा प्राकृतिक वातावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने हेतु जागरूक किया गया। वन कर्मियों द्वारा सभी से कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की गई । साथ ही बताया गया कि वन क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से कूड़ा निस्तारण न करें, जिससे पर्यावरण एवं वन्यजीवों को किसी प्रकार की हानि न हो।
वन विभाग द्वारा हेलीपैड संचालकों को अपने द्वारा उत्पन्न कूड़े-कचरे का उचित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे आसपास के वन क्षेत्र, जल स्रोत एवं प्राकृतिक पर्यावरण स्वच्छ एवं सुरक्षित बने रहें।
इसके साथ ही एनएच-107 से लगे क्षेत्रों में भी विशेष सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का निस्तारण किया गया। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं वन क्षेत्रों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान ग्राम जामू सरपंच जसपाल राणा, गुप्तकाशी यूनिट वन दरोगा अभिषेक नेगी, वन बीट अधिकारी कुलजीत नेगी, राहुल रावत सहित ग्रामीण उपस्थिति रहे।



