
सरस्वती पूजन के साथ डॉ जैक्स वीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में प्रवेशोत्सव हुआ सम्पन्न
लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर डॉ जैक्स वीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में प्रवेश उत्सव धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर में प्रातः 9 बजे आचार्य वेद प्रकाश जमलोकी द्वारा विधि विधान से सरस्वती पूजन एवं यज्ञ प्रारम्भ किया गया।
डॉ जैक्स वीन नेशनल स्कूल में वसंत पंचमी के शुभ अवसर पर मां सरस्वती का पूजन अर्चन एवं हवन कर मां की आराधना की और विद्यालय में प्रवेश संस्कार आयोजित किया गया। पूजन एवं यज्ञ के उपरांत सभी उपस्थित जनों द्वारा मां शारदा के चित्र पर प्यौली के फूलों के साथ विभिन्न सामग्री अर्पित की गई और भजन कीर्तन किया गया।
विद्यालय प्रबंधक मनोज बेंजवाल ने बताया कि हमारी वैदिक परंपरायें हमें यज्ञ व पूजन-अर्चन कर वातावरण को शुद्ध करने हेतु प्रेरित करती हैं। विद्यालय द्वारा छात्र-छात्राओं के बीच इस प्रकार के आयोजनों से अपनी संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ती है। आचार्य श्री वेद प्रकाश जमलोकी जी ने कहा कि विद्यालय सदैव अपनी संस्कृति एवं परंपराओं का निर्वहन करता रहता है जिससे सभी छात्र-छात्राएं लाभान्वित होते हैं और अपनी परंपराओं से जुड़ते हैं।उन्होंने बसंत पंचमी के महात्म्य को भी सभी के सम्मुख रखा और बताया कि विद्यार्थियों और शिक्षकों को पंचमी के अवसर पर मां शारदा का पूजन अर्चन अवश्य करना चाहिए। उन्होंने बताया कि हमारे गावों में अनेकों परंपराएं हैं जैसे कि घर की चौखट पर जौ की हरियाली को लगाया जाना ,गांव में पंचमी पढ़ना अर्थात वर्षभर का वर्ष फल एवं विभिन्न प्राकृतिक, राजनैतिक आदि प्रभावों के बारे में ग्रामीणों को जानकारी देना। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के संस्थापक /अध्यक्ष लखपत सिंह राणा ने बसंत पंचमी के पावन पर्व पर संपूर्ण विद्यालय परिवार की ओर से प्रारंभिक कक्षा -बालवाटिका में प्रवेशोत्सव में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत एवं धन्यवाद किया तथा सभी को वसन्त पंचमी की शुभकामनायें दी और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों, छात्र छात्राओं एवं अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य रामकृष्ण गोस्वामी, चंद्रशेखर नौटियाल, मनीष डिमरी, पंकज पंवार, बिनोद गैरोला, रविंद्र सिंह, ज्योति असवाल, सुमन शुक्ला, कविता दुमागा, ऋचा सेमवाल, कविता भट्ट, संगीता दानू, संगीता जमलोकी, अर्चना, पूजा बिष्ट, वीणा चौहान, राखी चौहान, ज्योति देवशाली, कविता गोस्वामी सहित छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।



