
पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने किया अस्पताल का निरीक्षण, कहा— स्वास्थ्य सेवाओं में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं,
रुद्रप्रयाग। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में बिजली गुल होते ही एक्स-रे सेवा पूरी तरह ठप होने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे रुद्रप्रयाग विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को हो रही भारी परेशानियों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने अस्पताल में तत्काल उच्च क्षमता का जनरेटर स्थापित किए जाने की मांग उठाई।
निरीक्षण के दौरान मोहित डिमरी ने देखा कि सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज एक्स-रे कराने के लिए अस्पताल में कतारों में खड़े रहे, लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण एक्स-रे मशीन बंद पड़ी रही। अस्पताल में मौजूद जनरेटर एक्स-रे मशीन का लोड उठाने में सक्षम नहीं होने से पूरी सेवा ठप हो गई और मरीजों को घंटों बिजली आने का इंतजार करना पड़ा।
मोहित डिमरी ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र जैसी महत्वपूर्ण संस्था में बिजली जाने के साथ ही आवश्यक चिकित्सा सेवाओं का बंद हो जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि मरीज पहले बीमारी की पीड़ा झेल रहे हैं, ऊपर से घंटों इंतजार करना उनकी मुश्किलों को और बढ़ा देता है। यह व्यवस्था में गंभीर कमी का संकेत है।
उन्होंने शासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की कि अगस्त्यमुनि सीएचसी में तत्काल उच्च क्षमता का जनरेटर उपलब्ध कराया जाए, ताकि बिजली बाधित होने की स्थिति में भी एक्स-रे सहित सभी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।
डिमरी ने कहा कि जनपद के अस्पतालों को आधुनिक संसाधनों और मजबूत आधारभूत सुविधाओं से लैस करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी और भरोसेमंद बनाना है तो ऐसी मूलभूत कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करना होगा, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।



