उत्तराखंडखास खबरें

ग्राम पंचायत किमाणा में आयोजित हुआ सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम, पेयजल, सड़क, शिक्षा, खेल मैदान, सोलर लाइट सहित विभिन्न समस्याएं रही प्रमुख

रूद्रप्रयाग।  विकासखंड ऊखीमठ के ग्राम पंचायत किमाणा में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रार्थना पत्र प्रेषित किए गए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में क्षेत्र के समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि स्वर्गीय डॉ. कैलाश पुष्पवाण को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने नशा मुक्ति की शपथ ली।

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की समय पर मरम्मत न होने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की समस्या रखी। जल जीवन मिशन के तहत सारी करोखी, पैंज एवं किमाणा पेयजल योजना में शेष कनेक्शन पूर्ण किए जाने तथा मुख्य स्रोत पर पेयजल चैंबर निर्माण की मांग भी रखी गई। इसके साथ ही ग्राम पैंज में खेल मैदान निर्माण, गांव में सोलर लाइट लगाए जाने तथा देवरियाताल-किलपुड़ा पेयजल योजना में दूषित पानी की आपूर्ति की समस्या से अवगत कराया गया।

ग्रामीणों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैंज एवं राजकीय जूनियर हाई स्कूल पैंज में शिक्षकों की कमी दूर करने तथा विद्यालय भवनों एवं कक्षाओं के फर्श की मरम्मत की मांग भी रखी। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज-4 के तहत प्रस्तावित किमाणा से कन्थया गांव तक सड़क निर्माण, जंगली जानवरों से सुरक्षा, कृषि भूमि में घेरबाड़, चेकडैम निर्माण, क्षतिग्रस्त नालियों एवं पुस्तों के निर्माण तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण सहित विभिन्न समस्याएं एवं मांगें ग्रामीणों द्वारा रखी गईं।

जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने कहा कि सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं को संबंधित विभागों को प्रेषित कर आपसी समन्वय के साथ उनके शीघ्र निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी ग्रामीणों को भी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान किमाणा सुलेखा त्रिवेदी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुलेखा देवी, पूर्व प्रधान संदीप सिंह पुष्पवाण, वन सरपंच देवी शंकर, युवा मंगल दल अध्यक्ष रविंद्र सिंह, महिला मंगल दल अध्यक्ष भुवनेश्वरी देवी, कनिष्ठ सहायक सूचना विभाग अरुण भरतरी, ग्राम विकास अधिकारी उत्तम राणा, वन बीट अधिकारी ऋषिराज खोयाल, रोजगार सहायक गीता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!