मानसून के दृष्टिगत पुलों का सेफ्टी ऑडिट कराने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

सुरक्षा मानकों का परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
रूद्रप्रयाग। जनपद में सक्रिय मानसून एवं संभावित अतिवृष्टि तथा अन्य प्राकृतिक परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने जनसामान्य की सुरक्षा के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्ग रुद्रप्रयाग/श्रीनगर, लोक निर्माण विभाग तथा पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंताओं को अपने-अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी पुलों एवं सेतुओं का तत्काल संरचनात्मक सुरक्षा निरीक्षण (सेफ्टी ऑडिट) कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि निरीक्षण के दौरान पुलों एवं सेतुओं की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा मानकों तथा संभावित जोखिमों का गहन परीक्षण किया जाए। जहां आवश्यकता हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक एवं सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सेफ्टी ऑडिट पूर्ण होने के उपरांत प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराते हुए यह प्रमाणित करें कि उनके कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी पुलों एवं सेतुओं का सुरक्षा निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कर ली गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून अवधि में जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।



