उत्तराखंडखास खबरेंफटाफट ख़बरें

52 दिव्यांगजनों को जारी किए गए दिव्यांगता प्रमाण पत्र

रूद्रप्रयाग । जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार जनपद में मानसिक दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं प्रमाणन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, रुद्रप्रयाग में विशेष मानसिक दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग रुद्रप्रयाग के संयुक्त सहयोग से जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र द्वारा किया गया।

शिविर में , श्रीनगर गढ़वाल से आए मानसिक रोग विशेषज्ञों की टीम ने जनपद के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे मानसिक दिव्यांगजनों का विस्तृत चिकित्सकीय परीक्षण एवं मूल्यांकन किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच करने के उपरांत कुल 52 पात्र मानसिक दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्गत किए गए, जिससे उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, पेंशन, उपचार, शिक्षा, रोजगार तथा अन्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

शिविर में वीर चंद्रसिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के डॉ. पार्थ दत्ता, डॉ. नितिन सिंह एवं डॉ. केशव मित्तल ने विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। वहीं जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग से नरेन्द्र रावत, नागेश्वर बगवाड़ी ने स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। समाज कल्याण विभाग की ओर से प्रशासनिक अधिकारी अरविन्द कुमार, कनिष्ठ सहायक कुलभूषण बमोला तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के अध्यक्ष बृजमोहन नेगी ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके अतिरिक्त , राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांग सशक्तिकरण संस्थान राजपुर रोड, देहरादून से मेहुल गुप्ता, अनुष्का जोशी, ईशिता एवं उत्कर्ष राय ने भी शिविर में उपस्थित होकर तकनीकी एवं व्यवस्थागत सहयोग प्रदान किया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी टी०आर० मलेठा ने बताया कि इस प्रकार के विशेष शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को जनपद में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना तथा प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन कर पात्र दिव्यांगजनों को अधिकाधिक लाभान्वित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!