उत्तराखंडगांवफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग पुलिस की अभियान प्रहरी पड़ाव के तहत ग्राम मनसूना में सजी रात्रि चौपाल 

रुद्रप्रयाग पुलिस की अभियान प्रहरी पड़ाव के तहत ग्राम मनसूना में सजी रात्रि चौपाल

रुद्रप्रयाग। जनपद पुलिस द्वारा आमजन और पुलिस के बीच आपसी समन्वय एवं विश्वास को सुदृढ़ करने को लेकर अभियान प्रहरी पड़ाव चलाया जा रहा है। इस अभियान के अन्तर्गत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में रात्रि चौपाल का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सम्बन्धित कोतवाली व चौकी प्रभारी स्वयं गांव में रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों की समस्याओं को समझ रहे हैं।
बीते 04 मार्च की रात्रि को कोतवाली ऊखीमठ के प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी के नेतृत्व में मदमहेश्वर घाटी की ग्रामपंचायत मनसूना में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। ऊखीमठ से 7 किमी दूर स्थित 189 परिवारों और 990 की जनसंख्या वाले इस गांव में पुलिस टीम ने न केवल चौपाल लगाई, बल्कि रात्रि विश्राम कर गांव के परिवेश को भी करीब से जाना।
चौपाल के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को वर्तमान समय की चुनौतियों, विशेषकर साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सतर्कतापूर्ण उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नशा विरोधी अभियान में ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस को समय पर सूचना देने का आग्रह किया। सुरक्षा के दृष्टिगत उन्होंने बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया और बिना सत्यापन किसी भी अज्ञात व्यक्ति को किराये पर न रखने के निर्देश दिए। साथ ही, गांव में अकेले रह रहे बुजुर्गों की सुरक्षा और उनकी देखभाल को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने पर चर्चा की गई।
संवाद के दौरान ग्रामीणों ने ऊखीमठ-मनसूना मोटर मार्ग के डामरीकरण और बाजार में वाहनों की पार्किंग जैसी प्रमुख समस्याएं रखीं। एसएचओ ऊखीमठ ने पुलिस स्तर की समस्याओं के तत्काल समाधान और अन्य विभागीय समस्याओं को सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों के संज्ञान में लाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती मिथिला देवी, महिला मंगल दल के सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!