केदारनाथ धाम में गोपाष्टमी पर्व पर की गई गायों की पूजा, गौ रक्षा विभाग की टीम ने रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र में घायल गाय और नंदी का किया उपचार

गौ माता राष्ट्र माता प्रतिष्ठा आन्दोलन में जिले से गये गौ भक्तों की सराहना,
गोपाष्टमी पर्व को लेकर गौ भक्तों में भारी उत्साह
रुद्रप्रयाग। गोपाष्टमी पर्व को लेकर जनपद में गौ भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला है। केदारनाथ धाम में बाबा बर्फानी से विख्यात ललित राम दास जी महाराज ने गायों की पूजा की, वहीं रुद्रप्रयाग में विश्व अखाड़ा परिषद (गौ) रक्षा विभाग) की टीम ने वाहन की चपेट में आए घायल गाय और नंदी का उपचार किया। इसके साथ ही जनपद से दिल्ली रामलीला मैदान में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने गई टीम की सराहना की गई।
गोपाष्टमी पर्व पर केदारनाथ धाम में आपदा के बाद से धाम में निवास कर रहे बाबा बर्फानी ललित राम दास जी महाराज ने एक दर्जन गायों की पूजा की। इनके आश्रम में आपदा के बाद से गायों की सेवा की जा रही है। शीतकाल में जहां बाबा केदार के कपाट बंद रहते हैं, वहीं बाबा बर्फानी शीतकाल में केदारनाथ धाम में रहकर बाबा की साधना में लीन रहते हैं। वे पिछले कई सालों से साधु संतों की सेवा करने के साथ ही गायों की भी सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गायों में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। जीवन से लेकर मरण तक गाय माता का ही उपयोग किसी ना किसी तरह से किया जाता है, बावजूद इसके आज के समय में गायों की दुर्दशा होना बहुत ही शर्मनाक बात है। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म में गाय की पूजा की जाती है, लेकिन आज जिस तरह से लोग गायों का उपयोग करने के बाद उन्हें सड़कों में मरने के लिए छोड़ रहे हैं, यह चिंताजनक विषय है। उन्होंने विश्व अखाड़ा परिषद (गौ रक्षा विभाग) के कार्यो की सराहना करते हुए कहा कि गाय और नंदी के संरक्षण को लेकर गौ रक्षा विभाग बेहतरीन कार्य कर रहा है। यह जिले में पहली बार हो रहा है जब गाय और नंदी का सही समय पर ट्रीटमेंट और उनके लिए हरा चारे की व्यवस्था की जा रही है। वहीं दूसरी ओर गोपाष्टमी पर्व पर नगर क्षेत्र रुद्रप्रयाग में बेसहारा घायल गाय और नंदी का उपचार किया गया।
रविवार देर रात पुरानी तहसील के पास एक वाहन चालक ने गाय को कुचल दिया, जबकि तीन वाहनों को क्षति भी पहुंचाई। घटना के समय स्थानीय लोगों एवं गौ रक्षा विभाग की टीम ने गाय को सड़क के किनारे किया और गाय को पानी पिलाया। सोमवार सुबह घायल गाय का सही से उपचार किया गया। गुलाबराय मैदान में एक गाय और एक नंदी का उपचार गौ रक्षा विभाग की टीम ने किया। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी गाय और नंदी का उपचार किया गया। इस दौरान पशु पालन विभाग से इन्द्रजीत, गौ रक्षा विभाग के जिलाध्यक्ष रोहित डिमरी, महामंत्री भूपेन्द्र जगवाण, कोषाध्यक्ष संदीप कप्रवाण, सचिव देवेन्द्र बिष्ट, रोहित गोस्वामी, राहुल पटवाल सहित अन्य मौजूद थे। इधर, गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने को लेकर दिल्ली रामलीला मैदान गई रुद्रप्रयाग जिले की टीम की सराहना की गई। गौ सेवक कालिका प्रसाद सेमवाल ने बताया कि गौ को राष्ट्रमाता का दर्जा दिया जाना आवश्यक है। गौ माता राष्ट्र माता प्रतिष्ठा आन्दोलन में जिले से करीब चार दर्जन लोग दिल्ली रामलीला मैदान पहुंचे हुए हैं।



