उत्तराखंडखास खबरें

चारधाम यात्रा : आपदा तैयारियों का टेबल टॉप अभ्यास आयोजित, 10 अप्रैल को मॉक ड्रिल 

रूद्रप्रयाग। आगामी चारधाम यात्रा के दौरान आपदा एवं आपात स्थितियों से निपटने हेतु राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के मार्गदर्शन में आज बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में टेबल टॉप अभ्यास का आयोजन किया गया। इसके साथ ही दिनांक 10 अप्रैल 2026 को व्यापक स्तर पर मॉक अभ्यास (Mock Drill) आयोजित किया जाएगा।

इस टेबल टॉप अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों का मूल्यांकन करना रहा। अभ्यास के दौरान संभावित आपदाओं की परिस्थितियों का सिमुलेशन कर अधिकारियों एवं संबंधित विभागों की भूमिका, प्रतिक्रिया समय तथा संसाधनों की उपलब्धता का परीक्षण किया गया।

यह टेबल टॉप एवं आगामी मॉक अभ्यास आपदा प्रबंधन योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने तथा प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले कार्मिकों (First Responders) एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों की क्षमता निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे आपदा के समय त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

अभ्यास के दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे किसी भी आपात स्थिति में अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को भली-भांति समझते हुए तत्परता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार सहित जनपद स्तरीय आईआरएस (IRS) टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!