उत्तराखंड

बड़ी खबर : टनल में भू धंसाव होने से 36 श्रमिक फंसे, युद्धस्तर पर राहत बचाव कार्य जारी

देहरादून। उत्तरकाशी जनपद के ब्रह्मखाल बड़कोट के बीच सिलक्यारा पोलगांव (जंगल चट्टी) में निर्माणाधीन टनल का एक हिस्सा टूटने से अंदर 36 श्रमिकों के फंसे होने की सूचना हैI घटनास्थल पर एसडीआरएफ टीम बचाव कार्य में जुटी हुई है। टनल के अन्दर फंसे लोगों को रेस्क्यू करने को लेकर एसडीआरएफ समेत स्थानीय प्रशासन मौजूद हैI वहीं रेस्क्यू करने के लिए टीएचडीसी से भी सहयोग लिया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री धामी लगातार घटना की मॉनिटरिंग कर रहे हैंI

रविवार को यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग के अंदर काम कर रहे 36 श्रमिकों की जान को ख़तरा बना हुआ हैI स्थानीय प्रशासन समेत एसडीआरएफ की टीम घटना स्थल पर मौजूद है I रेस्क्यू आपरेशन जारी हैI प्राप्त जानकारी के मुताबिक अंदर ऑक्सीजन की कमी होने के कारण उनकी जान को भी खतरा बना हुआ है I फिलहाल ऑक्सीजन के लिए पाइप डालने का कार्य किया जा रहा है। रेस्क्यू करने को लेकर टीएचडीसी से भी सहयोग लिया जा रहा है।

अंदर फंसे श्रमिकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि सबसे पहले प्राथमिकता सुरंग के अंदर ऑक्सीजन सुचारू करने की है। श्रमिकों को रेस्क्यू कर बाहर निकालने में दो दिन से अधिक का समय भी लग सकता है। यह भी बताया जा रहा है कि जितना मलबा हटाया जा रहा है, उससे अधिक मलबा टनल के ऊपरी तरफ से आ जा रहा है। आपदा प्रबंधन सचिव डा. रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि हेलीकाप्टर समेत अन्य व्यवस्था भी कर ली गई है। चिन्यालीसौड़ स्थित हैलीपैड को भी एक्टिव किया गया है। वहीं अन्य बचाव इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है।

उधर, सीएम धामी इस घटना की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैंI उन्होंने अपने संदेश में कहा कि
उत्तरकाशी में सिलक्यारा डंडालगांव के बीच निर्माणाधीन टनल के एक हिस्से के टूटने की सूचना प्राप्त होते ही, सभी श्रमिकों को सुरक्षित निकालने हेतु एसडीआरएफ़, एनडीआरएफ़ एवं स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीमों द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है, इस विषय में जिलाधिकारी से बात कर रेस्क्यू मिशन को तेज करने का निर्देश दिया है। स्वयं भी रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहा हूं। ईश्वर से टनल में फँसे सभी कर्मचारियों के सकुशल बाहर निकलने की कामना करता हूं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!