उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

प्रकृति की सुंदरतम छांव में बसा भुजगली बुग्याल, तुंगनाथ यात्रा का मनोहारी प्रथम पड़ाव

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की यात्रा केवल आध्यात्मिक अनुभव ही नहीं, बल्कि प्रकृति के अप्रतिम सौन्दर्य से साक्षात्कार कराने वाली यात्रा भी है। इस यात्रा का प्रथम प्रमुख पड़ाव भुजगली बुग्याल है, जहाँ पहुँचते ही श्रद्धालुओं और प्रकृति प्रेमियों का मन अनायास ही हिमालय की अनुपम छटा में खो जाता है। मखमली घास से आच्छादित विस्तृत बुग्याल, रंग-बिरंगे हिमालयी पुष्प, शीतल समीर और दूर-दूर तक फैली हिमाच्छादित पर्वत श्रृंखलाएँ भुजगली को प्रकृति की अनुपम कृति बनाती हैं। चोपता से तुंगनाथ धाम की पैदल यात्रा प्रारम्भ होते ही कुछ दूरी पर स्थित भुजगली बुग्याल यात्रियों का स्वागत अपनी अद्भुत प्राकृतिक आभा से करता है। यहां कुछ देर विश्राम करने के बाद श्रद्धालु नई ऊर्जा के साथ आगे की चढ़ाई के लिए प्रस्थान करते हैं। यही कारण है कि भुजगली को तुंगनाथ यात्रा का प्रथम विश्राम स्थल भी माना जाता है। वसंत और शरत ऋतु में भुजगली बुग्याल का सौन्दर्य अपने चरम पर होता है। मखमली घास के बीच खिले अनेक दुर्लभ हिमालयी पुष्प इस क्षेत्र को रंगों की प्राकृतिक चित्रशाला में परिवर्तित कर देते हैं। सुबह की सुनहरी किरणें जब बुग्याल पर पड़ती हैं तो सम्पूर्ण क्षेत्र स्वर्णिम आभा से दमक उठता है, जबकि सांध्य बेला में हिमालय की चोटियों पर बिखरती लालिमा मन को गहरे तक स्पर्श करती है।

भुजगली से हिमालयी शिखरों के मनोरम दर्शन होते हैं। साफ मौसम में इन पर्वतों का विहंगम दृश्य यात्रियों को मंत्रमुग्ध कर देता है। बादलों की अठखेलियाँ और पर्वतों के बीच बहती शीतल हवाएँ इस स्थान को प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं बनातीं।
यह क्षेत्र हिमालयी जैव विविधता का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। यहाँ कस्तूरी मृग, मोनाल, हिमालयी लोमड़ी तथा अनेक दुर्लभ पक्षियों का प्राकृतिक आवास है। आसपास के वन क्षेत्र पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील हैं। स्थानीय व्यापारी और केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग समय-समय पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाकर इस प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने का प्रयास करते हैं।

भुजगली बुग्याल केवल प्राकृतिक सौन्दर्य का केंद्र ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों व पशु पालकों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार बनता जा रहा है। तुंगनाथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से स्थानीय युवाओं को घोड़ा-खच्चर सेवा, होमस्टे, भोजनालय, स्थानीय उत्पादों की बिक्री तथा पर्यटन गतिविधियों के माध्यम से रोजगार प्राप्त हो रहा है। इससे क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। मानसून के दौरान जब भुगगली के चारों ओर फैले बुग्याल हरी मखमली चादर ओढ़ लेते हैं और पर्वतों से उतरती धुंध पूरे क्षेत्र को अपने आगोश में ले लेती है, तब भुजगली का सौन्दर्य और भी अलौकिक हो उठता है। सर्दियों में यही क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढककर शीतकालीन पर्यटन और ट्रेकिंग प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बन जाता है। प्रकृति प्रेमी अनिल जिरवाण का कहना है कि भुजगली बुग्याल यह संदेश भी देता है कि हिमालय केवल पर्वतों का समूह नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और प्रकृति का जीवंत स्वरूप है। इसकी स्वच्छता, हरियाली और जैव विविधता को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक यात्री पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर इस पवित्र क्षेत्र की यात्रा करे, तो आने वाली पीढ़ियाँ भी इसकी अनुपम सुंदरता का आनंद उठा सकेंगी।
केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग ऊखीमठ गुप्तकाशी रेंज अधिकारी विमल कुमार भट्ट का कहना है कि तृतीय केदार तुंगनाथ यात्रा का प्रथम पड़ाव भुजगली बुग्याल हिमालय की उस दिव्य धरोहर का नाम है, जहाँ प्रकृति ने अपने वैभव, सौन्दर्य और शांति का भरपूर आशीर्वाद बिखेरा है। यहाँ का प्रत्येक दृश्य श्रद्धालुओं के मन में भक्ति और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक प्रगाढ़ कर देता है। उनका कहना है कि भुजगली के आंचल में फैले सुरम्य मखमली बुग्यालों के संरक्षण व संवर्धन के लिए केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग निरन्तर प्रयासरत हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!