छात्रावास भवन से पशु उपचार केंद्र को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन हुआ तेज, चौथे दिन भी क्रमिक अनशन जारी

फाटा। राजकीय इंटर कालेज फाटा के छात्रावास में संचालित अस्थाई पशु उपचार केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा 10 मार्च मंगलवार से शुरू किया गया अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन चौथे दिन भी जारी रहा।
शुक्रवार को क्रमिक अनशन में बड़ी तादात में स्थानीय ग्रामीण एवं महिलाएं अपना समर्थन देने पहुंचे।
ग्राम प्रधान रविग्राम रामेश्वर प्रसाद जमलोकी ने बताया कि 10 मार्च से शुरू किया गया क्रमिक अनशन शुक्रवार को भी जारी रहा। उन्होंने बताया कि धीरे धीरे अनशन स्थल पर महिलाओं ओर बुजुर्गों के साथ युवा भी समर्थन देने पहुंचने लगे हैं। उन्होंने सभी से छात्रावास से पशु उपचार केंद्र को स्थानांतरित करवाने की मुहिम में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा जब तक भवन को खाली नहीं किया गया। हम क्रमिक अनशन जारी रखेंगे।
क्रमिक अनशन के चौथे दिन ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाधर नौटियाल, प्रधान खड़िया दीपा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य खड़िया योगिता देवी, प्रधान धानी राखी देवी, पूर्व ग्राम प्रधान श्याम लाल, विजयराम सेमवाल, कैलाश जमलोकी, टीकाराम सेमवाल, चरण सिंह मेहरा, विजय सिंह सजवान, अमित सेमवाल, केदार रावत, नंद लाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



