
मोरी डाली कौथिग के साथ होगा पांडव नृत्य का समापन,
रुद्रप्रयाग। पांडव नृत्य एवं शिव समिति के तत्वाधान में जिला मुख्यालय स्थित पुनाड़ में चल रहे पांडव नृत्य में प्रतिदिन भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। पांडव पश्वा अस्त्र-शस्त्रों के साथ नृत्य कर दर्शकों को आनंदित कर रहे हैं। 25 दिसम्बर को मोरी डाली कौथिग के साथ पांडव नृत्य का विधिवत समापन होगा।
चार दिसम्बर से पुनाड़ पांडव चौक में पांडव नृत्य शुरू हुआ था। बीते आठ दिसम्बर को अस्त्र-शस्त्रों के साथ पांडवों ने नृत्य शुरू किया था।
प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में दर्शक पहुंचकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। रविवार को भूमियाल देवताओं के स्मरण के बाद ढोल वादकों ने हनुमान, भीम, श्रीकृष्ण, युद्धिष्ठर, अर्जुन, नागमल, नकुल, सहदेव व द्रोपती के पश्वाओं को जागृत किया। जिसके बाद पांडव पश्वों ने बाणों के साथ अपने अस्त्र शस्त्रों के साथ नृत्य किया। लगभग दो घंटे तक चले पांडव नृत्य में पांडवों ने लोगों को खूब आनंदित किया। इस दौरान हनुमान का पश्वा भी अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। प्रतिदिन दिन एवं रात दोनों समय पांडव अस्त्र शस्त्रों के साथ नृत्य कर रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों में धार्मिक अनुष्ठान को लेकर खासा उत्साह बना है और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। पांडव नृत्य एवं शिव समिति के अध्यक्ष प्रकाश गोस्वामी एवं कोषाध्यक्ष विक्रम कप्रवाण ने बताया कि पांडव नृत्य में 22 दिसम्बर को पहला सिरोता, 23 दिसम्बर को पांडवों का गंगा स्नान, 24 दिसम्बर को दूसरा सिरोता हाथी पूजन व पांडवों की केदारनाथ यात्रा तथा 25 दिसम्बर को मोरी डाली कौथिग के साथ पांडव नृत्य का समापन किया जाएगा। इस मौके पर सचिव सुनील नौटियाल, शैलेंद्र भारती, चन्द्रमोहन सेमवाल, अजय सेमवाल, रूपेश सेमवाल, दिनेश चन्द्र सेमवाल, विजय कप्रवान, महेश चन्द्र डियूंडी, चक्रधर प्रसाद सेमवाल, गैणा सिंह, प्रेम सिंह पंवार समेत कई लोग मौजूद थे।



