एसपी ने लिया यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा, केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

गौरीकुण्ड पहुंचकर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने लिया यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग विशाखा अशोक भदाणे ने गौरीकुण्ड पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
बुधवार को भ्रमण अवसर पर गौरीकुण्ड चौकी के परिसर व बैरकों के सौंदर्यीकरण के कार्य का निरीक्षण कर शेष रह गये कार्य को कुछ दिनों में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सौन्दर्यीकरण कार्य में मौसम भी बाधक बन रहा है।
गौरीकुण्ड चौकी का सौंदर्यीकरण होने से यहां पर यात्राकाल में नियुक्त होने वाला पुलिस बल और अधिक ऊर्जा के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर सकेगा। चौकी गौरीकुण्ड के प्रभारी को निर्देश दिये गये कि वे आवश्यक सामग्री पुलिस लाइन से प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे। पूर्व में दिये गये निर्देशों के क्रम में चौकी गौरीकुण्ड पुलिस के स्तर से सत्यापन की कार्यवाही भी चल रही है। इसके उपरान्त लो0नि0वि0 के अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों के साथ गौरीकुण्ड घोड़ा पड़ाव तक का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सम्बन्धित विभाग के स्तर से निरन्तर कार्य किये जा रहे हैं। घोड़ा पड़ाव पर भीड़ के दबाव को नियंत्रित किये जाने हेतु बैरिकेडिंग लगाये जाने तथा गौरीकुण्ड से घोड़ा पड़ाव तक श्रद्धालुओं को नियंत्रित ढंग से कतारबद्ध करते हुए आगे भेजे जाने के निर्देश दिए गए। 
इस दौरान अधिशासी अभियन्ता लो0नि0वि0 प्रवीण कर्णवाल, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विमल रावत, पुलिस उपाधीक्षक यातायात श्रीमती हर्षवर्द्धनी सुमन, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोनप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी, निरीक्षक यातायात श्याम लाल, चौकी प्रभारी गौरीकुण्ड कुलेन्द्र सिंह रावत, व लो0नि0वि0 के एई, जेई सहित पुलिस विभाग का अधीनस्थ स्टाफ उपस्थित रहा।



