
छह माह के लिए बंद हुए गौरी माई मंदिर के कपाट, शीतकाल में गौरी गांव में होगी पूजा-अर्चना
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव गौरीकुंड स्थित प्रसिद्ध गौरी माई मंदिर के कपाट आज शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। सुबह ठीक 8 बजे विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ मंदिर के कपाट बंद किए गए। कपाट बंद होने के साथ ही मंदिर में ग्रीष्मकालीन पूजा-अर्चना का समापन हो गया है।
अब आगामी छह माह तक शीतकाल के दौरान गौरी माई की पूजा-अर्चना गौरी गांव में संपन्न होगी। मान्यता है कि गौरीकुंड स्थित यह मंदिर मां पार्वती को समर्पित है और केदारनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक आस्था का केंद्र है।
शीतकाल के आगमन के साथ ही केदारघाटी के प्रमुख मंदिरों के कपाट बंद होने का सिलसिला जारी है। अब श्रद्धालुओं को मां गौरी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए शीतकालीन पूजा स्थल गौरी गांव पहुंचना होगा।
छह माह बाद ग्रीष्मकाल में यात्रा शुरू होने के साथ ही गौरी माई मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ फिर से खोले जाएंगे।
इस दौरान माठापति सम्पूर्णा नन्द गोस्वामी, मंदिर प्रबंधक कैलाश बगवाड़ी, प्रकाश गोस्वामी, गौरी शंकर गोस्वामी, मुकेश गोस्वामी, गणेश गोस्वामी, अनूप गोस्वामी सहित ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।



