
केदारनाथ धाम में शीतकालीन प्रवास की परंपराएं अंतिम चरण में, भंडार गृह से बाहर लाई गई पंचमुखी उत्सव डोली
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में बाबा केदार की शीतकालीन विदाई की धार्मिक परंपराएं अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई हैं। मंगलवार को विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली को भंडार गृह से बाहर लाकर सभा मंडप में विराजमान किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
दरअसल, 11 नवंबर यानी कल भैयादूज के पावन पर्व पर भगवान केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए प्रस्थान करेगी। जहां आगामी छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना संपन्न होगी।
केदारनाथ धाम में कपाट बंद होने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब श्रद्धालुओं को बाबा केदार की डोली के शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान करने के ऐतिहासिक और धार्मिक क्षणों का इंतजार है।



