रुद्रप्रयाग। श्रीकेदारनाथ धाम यात्रा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक द्वारा गौरीकुण्ड एवं सोनप्रयाग स्थित कोतवाली एवं यातायात तथा पार्किंग व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग डाॅ0 विशाखा अशोक भदाणे द्वारा गुरुवार को सोनप्रयाग कोतवाली एवं गौरीकुण्ड चौकी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसके साथ ही सीतापुर एवं सोनप्रयाग पार्किंग का निरीक्षण करते हुए व्याप्त कमियों को दूर करने, पार्किंगों तक पहुंचने हेतु बनी गई सड़क को सही कराये जाने के सम्बन्ध में समय से पूर्व सम्बन्धित विभागों को पत्राचार किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। इन पार्किंगों का यात्राकाल में व्यवस्थित रूप से संचालन किये जाने के दृष्टिगत पार्किंग का संचालन करने वालों के साथ भी बैठक करने हेतु निर्देशित किया गया।
वहीं गौरीकुण्ड पहुंचकर घोड़ा पड़ाव एवं चौकी गौरीकुण्ड का निरीक्षण किया गया। गौरीकुण्ड चौकी के सौंदर्यीकरण के सम्बन्ध में प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। वर्तमान समय में गौरीकुण्ड से श्री केदारनाथ जाने वाले मजदूरों का सत्यापन किये जाने के निर्देश भी दिए गए। कोतवाली सोनप्रयाग का निरीक्षण कर यात्राकाल में नियुक्त होने वाले पुलिस बल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। थाना भवन के निर्माण के सम्बन्ध में केदारनाथ मास्टर प्लान के तहत होने वाले निर्माण से पूर्व की उचित व्यवस्थाओं हेतु एस्टीमेट उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। थाने पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी केदारनाथ धाम की माॅनीटरिंग किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विमल रावत, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन रतूड़ा गणेश लाल, यातायात निरीक्षक श्याम लाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोनप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी, चौकी प्रभारी गौरीकुण्ड मंजुल रावत, प्रभारी आशुलिपिक श्री नरेन्द्र सिंह मौजूद रहे।