उत्तराखंडगांवधार्मिक

पर्यटक गांव सारी में भगवती नन्दा की भजन संध्या, विधायक केदारनाथ रही मौजूद 

लक्ष्मण सिंह नेगी।

केदार कला मंच की नन्दा कथा प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र ।

विद्यालयों के नौनिहालों और महिला मंगल दलों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां ।
धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हुई भजन संध्या

ऊखीमठ । तुंगनाथ घाटी में जगत कल्याण की कामना के साथ विभिन्न गांवों के भ्रमण पर निकली भगवती नन्दा के पर्यटक गांव सारी आगमन पर आयोजित प्रथम भजन संध्या भव्य रूप से संपन्न हुई। भजन संध्या में श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मुख्य अतिथि तथा उद्योगपति खुशहाल नेगी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और संस्कृति प्रेमियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
भजन संध्या में स्थानीय विद्यालयों के नौनिहालों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। वहीं, महिला मंगल दलों की प्रस्तुतियों ने पारंपरिक लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच कार्यक्रम स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। बच्चों और महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
भजन संध्या का प्रमुख आकर्षण केदार कला मंच की ओर से प्रस्तुत भगवती नन्दा की कथा रही। कलाकारों ने कथा प्रस्तुति के माध्यम से भगवती नन्दा की महिमा और उनसे जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। आयोजन ने क्षेत्र की धार्मिक आस्था के साथ लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का संदेश भी दिया।
मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने अपने संबोधन में क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने मेले के सफल संचालन के लिए विधायक निधि से डेढ़ लाख रुपए देने की घोषणा की । विशिष्ट अतिथि उद्योगपति खुशहाल नेगी ने भी आयोजन में प्रतिभाग कर भगवती नन्दा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त किया।
ग्राम प्रधान अनीता देवी ने भजन संध्या में पहुंचे मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, कलाकारों, स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों, महिला मंगल दलों, ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। भगवती नन्दा के आगमन और भजन संध्या के आयोजन से पर्यटक गांव सारी में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बना रहा । भजन संध्या की अध्यक्षता मेला समिति अध्यक्ष जगदीश सिंह नेगी ने की जबकि संचालन उपेन्द्र भट्ट, जितेन्द्र भट्ट, मयंक नेगी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी, वन पंचायत सरपंच देवेन्द्र सिंह नेगी, सभासद बलवीर पंवार, मेला कोषाध्यक्ष गजपाल भट्ट, हर्षमोहन सिंह नेगी, धर्मेन्द्र भट्ट, उप प्रधान प्रेमा देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष योगेश्वरी देवी, हनुमंत सिंह नेगी, देवेन्द्र सिंह नेगी, आनन्द सिंह नेगी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष दलवीर सिंह नेगी, शिशुपाल रावत , गुलाब सिंह राणा, रामेश्वरी भट्ट , योगेन्द्र सिंह नेगी, बलवीर सिंह राणा, विनोद रावत, बबीता देवी , माधव सिंह नेगी, तलिता रौतेला, सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, मेला समिति पदाधिकारी, सदस्य व ग्रामीण मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!