उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाड़व का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण, विधायक आशा नौटियाल ने किया शुभारंभ 

पूर्व में 2006 में विधायक नौटियाल के कार्यकाल के दौरान हुई थी हाईस्कूल की शुरुआत, अब इंटरमीडिएट स्तर तक शिक्षा की मिलेगी सुविधा।

रूद्रप्रयाग। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने शुक्रवार को शहीद हवलदार फते सिंह नेगी राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाड़व के इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यालय के इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण से कांदी, बाड़व, किणझाणी, जाबरी सहित आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा। इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल ने शहीद फते सिंह नेगी की पत्नी वीरांगना गीता देवी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

कहा कि क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में उनके कार्यकाल के दौरान ही इस विद्यालय में हाईस्कूल स्तर की शुरुआत हुई थी। आज विद्यालय का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण होना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षाओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कहा कि अब विद्यार्थियों को इंटर स्तर तक की पढ़ाई के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने क्षेत्र के निकट ही आगे की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि गांवों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर मिल सकें। शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला है। उनका निरंतर प्रयास रहा है कि केदारनाथ विधानसभा के दूरस्थ क्षेत्रों में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो।
विधायक आशा नौटियाल ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजमोहन नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुमन नेगी, विद्यालय के प्रधानाचार्य लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, जसपाल नेगी, ग्राम प्रधान अंजना देवी, लक्ष्मी देवी, दीपक थपलियाल, प्रमोद सेमवाल, सुदर्शन सिंह, प्रदीप चमोला, दीपिका सजवान, सुखदेई बिष्ट, ज्योति नेगी, किरन देवी सहित जनप्रतिनिधि, क्षेत्रवासी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!