केदारनाथ धाम में लगातार बारिश से लुढ़का पारा, रोकी यात्रा ,पड़ावों पर पसरा सन्नाटा
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में मौसम लगातार बिगड़ा हुआ है। धाम में बारिश का दौर जारी रहने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अलर्ट और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ धाम की यात्रा पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। यात्रा पर रोक के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम में ही रुके हुए हैं, जहां प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गई हैं। वहीं सोनप्रयाग में भी श्रद्धालुओं को आगे जाने से रोका जा रहा है और कई यात्री वापस लौट रहे हैं। बारिश के चलते केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर भी सन्नाटा पसरा हुआ है।
केदारनाथ धाम में लगातार बारिश ने मौसम को और सर्द कर दिया है। बारिश और घने कोहरे के बीच धाम में कड़ाके की ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर यात्रा पर रोक लगाई है।
यात्रा पर रोक के कारण जो श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं, उन्हें फिलहाल वहीं सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। प्रशासन और यात्रा व्यवस्था से जुड़े विभाग श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह अलर्ट हैं।
वहीं सोनप्रयाग में भी यात्रा रोक दिए जाने के बाद श्रद्धालु वापस लौटते नजर आ रहे हैं। केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी बारिश और खराब मौसम के चलते आवाजाही बेहद कम है और पूरे पैदल यात्रा मार्ग पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
फिलहाल प्रशासन की नजर मौसम के हालात पर बनी हुई है। मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।



