उत्तराखंड

पत्रकारिता जगत ने खोया कर्मठ, जनसरोकारों से जुड़ा साथी, वरिष्ठ पत्रकार दिलवर सिंह बिष्ट के निधन पर सूचना कार्यालय ने जताया शोक

रूद्रप्रयाग। वरिष्ठ पत्रकार दिलवर बिष्ट के सोमवार देर रात हृदयाघात से आकस्मिक निधन पर जिला सूचना कार्यालय, रुद्रप्रयाग ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन से पत्रकारिता जगत के साथ ही क्षेत्र में शोक की लहर है।

वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा एवं जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग के समस्त कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने कहा कि दिलवर बिष्ट का निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने सहज व्यवहार, कर्मठता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता से क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन लंबे समय तक पत्रकारिता जगत और उनके साथियों के लिए एक अपूरणीय क्षति के रूप में स्मरण किया जाएगा।

दिलवर बिष्ट लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने वर्ष 2006-07 में पत्रकारिता की शुरुआत की थी। करीब दो दशक के पत्रकारिता जीवन में उन्होंने दैनिक जागरण, शाह टाइम्स, दैनिक हॉक एवं लोक सत्य सहित विभिन्न समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दीं। इसके अतिरिक्त वे अनादि टीवी न्यूज चैनल से भी जुड़े रहे। जीवन के अंतिम समय तक वे पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे।

इस दौरान सहायक लेखाकार नितीश फरासी, कनिष्ठ सहायक अरुण भरतरी, डाटा इंट्री ऑपरेटर राकेश नौटियाल, सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव विनय भट्ट, सहित दीपक गोस्वामी, नरेंद्र पंवार, आनंद सिंह बिष्ट, वासुदेव सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!