ऊखीमठ में कैंडल मार्च, डाॅ. कैलाश पुष्वाण को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, दोषी चालक की गिरफ्तारी की उठी मांग

लक्ष्मण सिंह नेगी।
भारत सेवाश्रम आश्रम से शहीद स्मारक तक उमड़ा जनसैलाब ।
ऊखीमठ। पंच केदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य परकण्डी प्रीति पुष्वाण के पति डाॅ. कैलाश पुष्वाण की सड़क हादसे में हुई आकस्मिक मृत्यु से समूची केदारघाटी शोक में डूबी हुई है। बुधवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, मातृ शक्ति , होटल व्यवसायियों एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों ने भारत सेवाश्रम आश्रम से मुख्य बाजार होते हुए तहसील परिसर स्थित शहीद स्मारक तक कैडल मार्च निकालकर दिवंगत डाॅ. कैलाश पुष्वाण को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कैडल मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर डाॅ. कैलाश पुष्वाण की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पूरा वातावरण गमगीन नजर आया। मुख्य स्टेशन पहुंचने के बाद उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
तहसील परिसर शहीद स्मारक पर वक्ताओं ने कहा कि डाॅ. कैलाश पुष्वाण का असमय निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल, सहज एवं मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहते थे। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ होटल, होम स्टे, व्यापार एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी गहरा शोक व्याप्त है।
कैडल मार्च में शामिल लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी उठाई। वक्ताओं ने कहा कि सड़क हादसे के बाद परिजनों एवं क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दुर्घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि किसी परिवार के सदस्य को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। वक्ताओं ने कहा कि डाॅ. कैलाश पुष्वाण के निधन से परिवार ने अपना एक महत्वपूर्ण सदस्य खोया है, वहीं सामाजिक एवं पर्यटन क्षेत्र ने भी एक सक्रिय सहयोगी खो दिया है।
कैडल मार्च में क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, होटल एवं होम स्टे संचालकों, मातृ शक्ति, युवाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में दिवंगत डाॅ. कैलाश पुष्वाण के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया और दुर्घटना के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की।



