
लक्ष्मण सिंह नेगी
केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल सहित हजारों श्रद्धालु बने दिव्य यात्रा शुभारंभ के साक्षी
ऊखीमठ। भगवती चामुण्डा की बहुप्रतीक्षित तीसरे चरण की दिवारा यात्रा विधिवत शुरू हो गई। वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजा-अर्चना, ढोल-दमाऊं और पारम्परिक वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच जैसे ही भगवती चामुण्डा की डोली अपने भण्डार गृह से तीर्थ भ्रमण के लिए निकली, पूरा क्षेत्र मां के जयकारों से गूंज उठा। दिवारा यात्रा के शुभारम्भ अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे और उन्होंने मां चामुण्डा की दिव्य डोली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भगवती चामुण्डा की नदिवारा यात्रा को लेकर कालीमठ घाटी सहित मद्महेश्वर और तुंगनाथ घाटी के ग्रामीणों में विशेष उत्साह बना हुआ है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दिवारा यात्रा के माध्यम से भगवती अपने भक्तों की कुशलक्षेम पूछने के साथ ही क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद प्रदान करती हैं।
राजेन्द्र सिंह रावत के घर पहुंचीं भगवती चामुण्डा
भगवती चामुण्डा की तीसरे चरण की दिवारा यात्रा के तहत मंगलवार को भगवती चामुण्डा की डोली राजेन्द्र सिंह रावत के घर पर विराजमान हुई, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां की पूजा-अर्चना की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मां के दर्शन कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की। भगवती की डोली के आगमन से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
दिवारा यात्रा के साथ चल रहे श्रद्धालुओं तथा स्थानीय ग्रामीणों ने पारम्परिक रीति-रिवाजों के अनुसार मां का स्वागत किया। घर-घर से महिलाएं मंगलगीत गाते हुए यात्रा में शामिल हुईं। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवती चामुण्डा की डोली के दर्शन कर मन्नतें मांगीं।
बुधवार को स्यासू गांव में होगा रात्रि प्रवास ।
भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा बुधवार को विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए स्यासू गांव पहुंचेगी, जहां भगवती चामुण्डा की डोली का रात्रि प्रवास होगा। स्यासू गांव में दिवारा यात्रा के स्वागत को लेकर ग्रामीणों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। ग्रामीणों द्वारा मां की डोली के भव्य स्वागत के साथ पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ग्रामीण अपने घर-आंगन में मां का स्वागत करने के साथ ही पारम्परिक पकवानों और पूजा सामग्री के साथ भगवती की अगवानी कर रहे हैं।
मद्महेश्वर व तुंगनाथ घाटी का करेगी भ्रमण
भगवती चामुण्डा की तीसरे चरण की दिवारा यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व माना जा रहा है। यात्रा के आगामी पड़ावों में भगवती चामुण्डा मद्महेश्वर घाटी और तुंगनाथ घाटी का भ्रमण करेंगी। इन दोनों पवित्र घाटियों में भगवती की डोली के पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
दिवारा यात्रा के दौरान विभिन्न देवी-देवताओं के धामों और गांवों में धार्मिक परम्पराओं के अनुसार पूजा-अर्चना होगी। इससे क्षेत्र की सदियों पुरानी धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परम्पराओं को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए यह केवल धार्मिक यात्रा ही नहीं, बल्कि अपनी लोक संस्कृति और परम्पराओं से जुड़ने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।
मोक्षधाम बद्रीनाथ पहुंचेगी दिवारा यात्रा
मद्महेश्वर एवं तुंगनाथ घाटी के भ्रमण के पश्चात भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा मोक्षधाम बद्रीनाथ पहुंचेगी। बद्रीनाथ धाम में भगवान बद्रीविशाल के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के बाद दिवारा यात्रा की धार्मिक यात्रा आगे बढ़ेगी। इस दौरान भगवती चामुण्डा के भक्तों में विशेष उत्साह बना हुआ है।
दिवारा यात्रा समिति अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सत्कारी के अनुसार भगवती चामुण्डा की यह यात्रा क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक परम्पराओं, लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यात्रा के दौरान दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने से गांवों में भी रौनक बनी हुई है। उनका कहना है कि दिवारा यात्रा के माध्यम से मां भगवती अपने भक्तों के बीच पहुंचकर उन्हें आशीर्वाद देती हैं और क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करती हैं।
जयकारों से गूंज रही कालीमठ घाटी
भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा शुरू होने के साथ ही कालीमठ घाटी का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। जगह-जगह ‘जय मां चामुण्डा’ के जयकारों से घाटी गूंज रही है। हजारों श्रद्धालुओं की आस्था और पारम्परिक वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच निकल रही भगवती की डोली लोगों के आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। दिवारा यात्रा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में विशेष उत्साह है। श्रद्धालुओं का मानना है कि मां चामुण्डा की दिव्य यात्रा क्षेत्र के लिए मंगलकारी है तथा मां के आशीर्वाद से समूचे क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहेगी। यात्रा के आगामी पड़ावों को लेकर भी ग्रामीणों में उत्सुकता बनी हुई है। इस मौके पर उद्योगपति खुशहाल सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य सरोज देवी, समिति संरक्षक कृपाल सिंह राणा, सलाहकार त्रिलोक सिंह रावत, रामचन्द्र सिंह राणा, उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह तिन्दोरी, सचिव कीरत सिंह राणा, सह सचिव राजेन्द्र सिंह राणा, कोषाध्यक्ष योगम्बर सिंह रावत, प्रधान प्रदीप राणा, पूर्व प्रधान मुलायम सिंह तिन्दोरी , दिनेश सत्कारी सहित कालीमठ घाटी के जनप्रतिनिधि व असंख्य श्रद्धालु मौजूद थे ।



