उत्तराखंडगांवधार्मिकफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

देवरिया ताल में जन्माष्टमी मेले की तैयारियां तेज, पहुंचेंगी भव्य कृष्ण झांकियां

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देवरिया ताल में आगामी 4 सितंबर को आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों और समितियों में खासा उत्साह बना हुआ है।

समुद्रतल से करीब 2,400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित देवरिया ताल में हर वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले का आयोजन किया जाता है। इस बार मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए मेला समिति और तीनों उप समितियों ने व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। देवरिया ताल तक पहुंचने वाले पैदल मार्ग की साफ-सफाई, ताल परिसर की व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।

मेला समिति अध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर सारी, ऊखीमठ और मनसूना क्षेत्र से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकियां देवरिया ताल पहुंचेंगी। झांकियों के पहुंचने के बाद पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठेगा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए जाएंगे।

मेला समिति महामंत्री योगेंद्र नेगी ने बताया कि मेले में स्थानीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। वहीं कोषाध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि जन्माष्टमी मेला धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मेले से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिलने तथा स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने की उम्मीद है।

पूर्व सूचना अधिकारी गजपाल भट्ट ने बताया कि मेले को लेकर आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है। देवरिया ताल की प्राकृतिक सुंदरता, हरी-भरी पहाड़ियां और चौखंभा सहित हिमालय की चोटियों का विहंगम दृश्य मेले के आकर्षण को और बढ़ाएगा। आयोजकों को इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!