जिलाधिकारी ने आगामी केदारनाथ यात्रा के बेहतर संचालन हेतु अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

केदारनाथ धाम व यात्रा मार्ग में तैनात किए जाने वाले डाॅक्टरों एवं स्टाफ को उचित ट्रेनिंग दिए जाने हेतु मुख्य चिकित्साा अधिकारी को ट्रेनिंग माॅडल 15 फरवरी, 2023 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पशु पालन विभाग को यात्रा शुरु होने से पहले जिला पंचायत के साथ मिलकर घोड़ा-खच्चरों के पंजीकरण एवं संचालन के लिए एसओपी (गाइडलाइन) तैयार करने के निर्देश दिए
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम की आगामी वर्ष की यात्रा को सफलता पूर्वक संचालन कराने के लिए यात्रा से जुड़े अधिकारियों द्वारा की जाने वाली तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय एनआईसी कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
आयोजित बैठक की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने केदारनाथ यात्रा के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को अभी से समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी बीती यात्रा से अनुभव लेते हुए तैयारियों को अंमित रूप दें ताकि समय से यात्रा के सफल संचालन के लिए आवश्यक रूपरेखा तैयार की जा सके। उन्होंने केदारनाथ धाम एवं यात्रा मार्ग में तैनात किए जाने वाले डाॅक्टरों एवं स्टाफ को उचित ट्रेनिंग दिए जाने हेतु मुख्य चिकित्साा अधिकारी को ट्रेनिंग माॅडल 15 फरवरी, 2023 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि ट्रेनिंग माॅडल को स्वास्थ्य निदेशालय को प्रेषित किया जा सके ताकि केदारनाथ यात्रा मार्ग में आने वाले डाॅक्टरों को निदेशालय स्तर से ही ट्रेनिंग उपलब्ध कराई जा सके ताकि वह केदारनाथ धाम में अपने दायित्वों का निर्वहन सफलता पूर्वक संचालित कर सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि जो भी आवश्यक दवाईयों एवं उपकरण की आवश्यकता है उसकी समय से आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने पशु पालन विभाग को यात्रा शुरु होने से पहले जिला पंचायत के साथ मिलकर घोड़ा-खच्चरों के पंजीकरण एवं संचालन के लिए एसओपी (गाइडलाइन) तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चरों का संचालन सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। उन्होंने कहा कि संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों एवं डंडी कंडी सभी के यूनिक कार्ड तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने उरेडा, जल एवं विद्युत विभाग को मार्ग पर घोड़ा-खच्चरों के लिए गरम पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने को भी कहा। उन्होंने कहा कि यात्रा में स्वच्छता बनाए रखना बड़ी चुनौती का काम होगा, पिछले वर्ष करीब 16 लाख लोगों ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं आगामी यात्रा में और अधिक संख्या में श्रद्धालु आने की उम्मीद है। ऐसे में पैदल मार्ग पर लगातार सफाई कार्मिकों एवं शौचालयों की नियमित सफाई के लिए भी उचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग को शटर व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालन करने के लिए एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डाॅ. विशाखा अशोक भदाणे, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. एचसीएस मार्तोलिया, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आशीष रावत, अधि.अभि. डीडीएमए प्रवीण कर्णवाल, लोनिवि जेएस रावत, ग्रामीण निर्माण विभाग हितेश पाल सिंह, विद्युत मनोज कुमार, जल संस्थान संजय सिंह, पुलिस उपाधीक्षक विमल रावत, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



