मध्यमहेश्वर यात्रा अगले आदेश तक स्थगित, सुरक्षा के मद्देनज़र लिया निर्णय
रुद्रप्रयाग। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन रूद्रप्रयाग ने द्वितीय केदार भगवान मध्यमहेश्वर धाम की यात्रा अगले आदेश तक अस्थायी रूप से स्थगित कर दी है। इस संबंध में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने जारी पत्र में बताया कि तलसारी तोक से बनतोली तक पैदल मार्ग पर पहाड़ी कटिंग का कार्य चल रहा है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। वहीं बनतोली में मधुगंगा नदी पर बना लकड़ी का पुल बह जाने के बाद श्रद्धालुओं को ट्रॉली के माध्यम से नदी पार कराई जा रही है।
यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण ट्रॉली पर अत्यधिक भीड़ लग रही है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग ने ट्रॉली के आवश्यक मरम्मत एवं रख-रखाव कार्य के लिए भी 2 से 3 दिन का समय मांगा है।
इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मध्यमहेश्वर यात्रा को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्णय लिया है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले आधिकारिक सूचना अवश्य प्राप्त करें तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। पुलिस, राजस्व, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



