कुंड-चोपता-गोपेश्वर मोटर मार्ग पर लैंडस्लाइड, गिरी चट्टान, टला बड़ा हादसा

रुद्रप्रयाग। पहाड़ों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम को जोड़ने वाले एनएच-107A (कुंड–चोपता–गोपेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग) पर बड़ा हादसा टल गया। ताला क्षेत्र से आगे पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक भरभराकर टूट गया, चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। जिससे राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। घटना के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गनीमत रही कि जिस समय चट्टान सड़क पर गिरी, उस समय उसकी चपेट में कोई वाहन या यात्री नहीं आया। यदि कुछ सेकंड का भी अंतर होता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने इसे “बाल-बाल बची कई जिंदगियां” बताते हुए राहत की सांस ली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पहाड़ी से भारी चट्टानें तेज आवाज के साथ सड़क पर गिर रही हैं. देखते ही देखते पूरा मार्ग मलबे से पट जाता है। यह दृश्य मानसून के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में सफर के बढ़ते जोखिम की गंभीर तस्वीर पेश करता है।
सूचना मिलते ही संबंधित विभाग, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़क से मलबा और बड़ी बड़ी चट्टानों को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। जिससे मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु किया जा सके।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताला के आगे एनएच-107A पर चट्टान गिरने से मार्ग बाधित हुआ है। संबंधित विभागों की टीमें मौके पर राहत एवं मार्ग खोलने के कार्य में जुटी हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें। केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना और एडवाइजरी का पालन करें।
तुंगनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भी प्रशासन ने मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने का अनुरोध किया है।



