प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से दो परिवारों को मिली दो-दो लाख रुपये की सहायता

लक्ष्मण सिंह नेगी
उत्तराखंड ग्रामीण बैंक मनसूना ने लाभार्थियों को सौंपी दावा राशि ।
ऊखीमठ। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की मनसूना शाखा द्वारा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत दो लाभार्थी परिवारों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि प्रदान की गई। बैंक की इस पहल से दोनों परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सहायता मिलने से राहत मिली है। शाखा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राऊंलैक निवासी श्रीमती शशि देवी तथा गैड़ निवासी नागेन्द्र सिंह को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक सौंपे गए। उपस्थित लोगों ने कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए संकट की घड़ी में बड़ा सहारा साबित हो रही है। इस अवसर पर उत्तराखंड ग्रामीण बैंक मनसूना शाखा के शाखा प्रबंधक रविन्द्र सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना अत्यंत उपयोगी एवं जनकल्याणकारी योजना है। उन्होंने बताया कि मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर मिलने वाली इस योजना के तहत बीमाधारक की मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने क्षेत्र के सभी पात्र नागरिकों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार को ऐसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ना चाहिए, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
शाखा प्रबंधक श्री राणा ने कहा कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। बैंक द्वारा समय-समय पर वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बीमा, पेंशन और बचत योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि समय पर बीमा दावा राशि मिलने से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने अन्य लोगों से भी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया। बैंक अधिकारियों ने लाभार्थियों को भविष्य में भी बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने तथा नियमित बैंकिंग सेवाओं से जुड़े रहने की सलाह दी।



