द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर के कपाट खुलने की प्रक्रिया कल से शुरू, 21 मई को खुलेंगे कपाट

लक्ष्मण सिंह नेगी
19 मई को धाम रवाना होगी भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली
ऊखीमठ। द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर मंदिर के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खोले जाने की प्रक्रिया रविवार से विधिवत शुरू हो जायेगी। भगवान मद्महेश्वर के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चल विग्रह उत्सव मूर्तियों को गर्भगृह से सभा मण्डप में विराजमान कराया जायेगा। कपाट खुलने को लेकर सम्पूर्ण क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है तथा मदमहेश्वर घाटी के जनमानस में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। मन्दिर समिति से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव मूर्तियों की विशेष पूजा-अर्चना के बाद उन्हें गर्भगृह से बाहर सभा मण्डप में स्थापित किया जायेगा तथा स्थानीय जनता द्वारा भगवान मदमहेश्वर को नये अनाज का भोग अर्पित किया जायेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन कर पुण्य अर्जित करेंगे। आगामी १९ मई को भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली पारम्परिक विधि-विधान व स्थानीय वाद्ययंत्रो की मधुर धुनों के साथ कैलाश यात्रा के लिए धाम को रवाना होगी। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु डोली का पुष्पवर्षा एवं भजन-कीर्तन के साथ भव्य स्वागत करेंगे। ओंकारेश्वर मंदिर प्रभारी विजेन्द्र बिष्ट ने बताया कि डोली यात्रा राकेश्वरी देवी, गौंडार एवं बंतोली सहित विभिन्न पड़ावों से होकर मद्महेश्वर धाम पहुंचेगी। यात्रा के दौरान स्थानीय ग्रामीणों, महिला मंगल दलों एवं युवक मंगल दलों द्वारा जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। डोली यात्रा को लेकर मंदिर समिति व हक-हकूकधारियों द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। उन्होंने बताया कि आगामी २१ मई को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक परम्पराओं के साथ भगवान मद्महेश्वर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये जायेंगे। कपाट खुलते ही हजारों श्रद्धालु बाबा मद्महेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। कपाटोद्घाटन समारोह को लेकर मदमहेश्वर घाटी सहित सम्पूर्ण ऊखीमठ में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। स्थानीय व्यापारियों एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी यात्रा सीजन से बेहतर रोजगार की उम्मीद जगी है।
मद्महेश्वर यात्रा को लेकर भक्तों में अपार श्रद्धा एवं उत्साह देखने को मिल रहा है तथा श्रद्धालु बाबा के दर्शनों के लिए बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं।



