अवैध शराब की बिक्री को लेकर रामपुर में महिलाओं का प्रदर्शन

फाटा। अवैध शराब की बिक्री को लेकर केदारघाटी के रामपुर में महिलाओं ने रैली निकालकर अपना आक्रोश दर्ज किया।
दरअसल, केदारघाटी के प्रत्येक गांवों की महिलाएं इन दिनों अवैध शराब की बिक्री को लेकर गांव – गांव बाजारों में प्रदर्शन कर रही हैं। महिलाओं का आरोप है कि अवैध शराब की बिक्री बंद नहीं हो रही है। गांव गांव तक शराब पहुंच रही है, जिस से घरों में महिलाएं परेशान हैं।
शनिवार को न्यालसू व सीतापुर की महिलाओं के द्वारा रामपुर मुख्य बाजार से सीतापुर तक अवैध शराब को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। महिलाओं ने रैली में नशामुक्त हो गांव क्षेत्र हमारा का संदेश दिया। महिलाओं ने कहा कि पूर्व में भी अवैध शराब की बिक्री को लेकर कोतवाली सोनप्रयाग में ज्ञापन दिया गया था। परन्तु इसके बावजूद भी अवैध शराब पहुंच रही है।
महिला मंगलदल अध्यक्ष ग्राम न्यालसू संध्या देवी ने कहा कि प्रत्येक गांवों में इन दिनों अवैध शराब की बिक्री को लेकर आंदोलन हो रहे हैं लेकिन शराब फिर भी पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि शराब से आज परिवार बर्बाद हो रहे हैं।
ग्राम प्रधान न्यालसू बबीता देवी ने कहा कि गांव में पूर्व में बैठक कर शादी समारोह में सहित अन्य आयोजनों में पूर्ण शराब बंदी की गई। आज पुनः महिलाओं द्वारा नशामुक्त गांव बनाने को लेकर रैली निकाली गई।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता अशोक सेमवाल, पूर्व महिला मंगलदल अध्यक्ष प्रमिला देवी, उपाध्यक्ष बबीता देवी, लीला देवी, ललीता देवी, रूक्मणी देवी, नीमा देवी ,अनिता देवी, कुंवरी देवी, सुनीता, रेखा, कुसुम, अंजना, कविता, आशा देवी व समस्त ग्रामीण महिलाएं मौजूद रही।



