केदारनाथ के लिए 7300 घोड़े खच्चरों के लाइसेंस जारी
केदारनाथ यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले घोड़े खच्चरों के पंजीकरण की प्रक्रिया के उपरांत लाइसेंस जारी कर दिए गए हैं। जनपद के विभिन्न स्थानों पर शिविर के माध्यम से 7300 घोड़ा – खच्चर संचालकों को को लाइसेंस जारी किए गए हैं।
केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खोले जाने हैं, पशुपालन विभाग व जिला पंचायत की ओर से केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर संचालित घोड़े खच्चरों के लिए लाइसेंस जारी किए जाते हैं। यह लाइसेंस की प्रक्रिया ऑनलाइन की जाती है। साथ ही घोड़ा खच्चर में माइक्रो चिप लगाई गई है, ताकि उनकी लोकेशन की पूरी जानकारी मिलती रहे। यह लाइसेंस सिर्फ छ माह यात्रा काल के लिए ही वैध होते हैं।
इस वर्ष केदारनाथ यात्रा के लिए जिला पंचायत ने प्रति घोड़ा – खच्चर लाइसेंस फीस 400 रुपए, टोकन 30 रुपए, घोड़ा खच्चर स्वामी बीमा 40 रुपए तथा जीमैक्स टोकन फीस 184 रुपए ली गई।
पशुपालन विभाग ने इस वर्ष पशु बीमा के लिए दो बीमा कंपनियों को हायर किया था, जिन्होंने प्रति घोड़ा खच्चर 3500 रुपए लेकर कुल 2.55 करोड़ की आय अर्जित की।
वहीं जिला पंचायत के कर निरीक्षक दिनेश नौटियाल ने बताया कि सोनप्रयाग में घोड़ा खच्चर स्वामी, हॉकर ओर डंडी कंडी श्रमिकों का पंजीकरण व लाइसेंस का कार्य 10 अप्रैल के बाद होगा।



