केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर एसपी रुद्रप्रयाग ने किया सिरोबगड़ से गौरीकुण्ड तक स्थलीय निरीक्षण।

केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर एसपी रुद्रप्रयाग ने किया सिरोबगड़ से गौरीकुण्ड तक स्थलीय निरीक्षण।
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने को लेकर पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने आज बुधवार को जनपद के सिरोबगड़ से लेकर गौरीकुण्ड तक यात्रा मार्ग का सघन निरीक्षण किया। यात्रा सीजन के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और विषम परिस्थितियों को देखते हुए एसपी रुद्रप्रयाग ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद की सीमा सिरोबगड़ से लेकर गौरीकुण्ड तक के सम्पूर्ण यात्रा मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पांचों कोतवाली क्षेत्रों के अन्तर्गत आने वाले मुख्य पड़ावों पर यातायात प्रबंधन, पार्किंग व हाॅल्ट की समीक्षा की गई।
यात्रा काल के दौरान स्थापित होने वाले विभिन्न पुलिस ड्यूटी पॉइंट्स का भौतिक रूप से निरीक्षण किया गया। एसपी रुद्रप्रयाग ने निर्देश दिए कि भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा के लिए चिन्हित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात होने वाले कार्मिकों की बुनियादी सुविधाओं (जैसे पेयजल, शेल्टर आदि) का समय रहते आकलन कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
चैक पोस्ट सिरोबगड़, जवाड़ी, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि बाजार, स्यालसौड़, ककड़ागाड़, कुंड, कालीमठ तिराहा, गुप्तकाशी बाजार, कोतवाली गुप्तकाशी, चौकी फाटा, दगड़िया बैरियर, रामपुर, सीतापुर, कोतवाली सोनप्रयाग, चौकी गौरीकुण्ड इत्यादि स्थानों पर स्थाई व अस्थाई तौर पर नियुक्त होने वाले पुलिस बल की आवासीय व्यवस्थाओं, गुमटी इत्यादि का भौतिक रूप से निरीक्षण कर अतिरिक्त व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने हेतु सम्बन्धित कोतवाली प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
यात्रा के पीक सीजन को देखते हुए अतिरिक्त बैरिकेडिंग, संचार उपकरण और आपदा प्रबंधन किट की आवश्यकताओं का खाका तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण व भ्रमण के उपरान्त एसपी ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य केदारनाथ आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करना है। पुलिस ड्यूटियों का प्रबंधन और प्रभावी यातायात व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है। हम समय से पूर्व सभी कमियों को दूर कर एक सुव्यवस्थित यात्रा संचालन के लिए प्रतिबद्ध हैं।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल, क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक/यातायात निरीक्षक कैलाश चन्द्र, एसएचओ रुद्रप्रयाग सुरेश बलूनी, एसएचओ अगस्त्यमुनि गुमान सिंह, एसएचओ ऊखीमठ मनोज नेगी, थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि महेश रावत, थानाध्यक्ष गुप्तकाशी कुलदीप पंत, एसएचओ गुप्तकाशी राकेश कुमार, प्रभारी आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिस कार्मिक मौजूद रहे।



