अवैध स्मैक के साथ एक युवक को किया रुद्रप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार
अवैध स्मैक से युवाओं और स्कूली छात्रों के गिरफ्त में आने का अंदेशा।
रुद्रप्रयाग। जनपद में अवैध स्मैक का कारोबार तेज़ी से बढ़ता जा रहा है। दिन प्रतिदिन स्मैक के साथ युवाओं को पकड़ा जा रहा है। अवैध स्मैक के शिकंजे में कहीं न कहीं स्कूली छात्र भी आ रहे हैं, जिस से युवाओं के भविष्य पर काले बादल मंडराते नजर आ रहे हैं। वहीं पुलिस की ओर से मामले में कार्यवाही तो की जा रही है, लेकिन यह नाकाफी साबित हो रही है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग डॉ विशाखा अशोक भदाणे के निर्देश पर जनपद के सभी थाना प्रभारियों एवं जनपदीय एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रभारी को नशामुक्त देवभूमि उत्तराखण्ड बनाये जाने के उद्देश्य से नशे का कारोबार करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। जहां जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा आम जनमानस को नशे के दुष्प्रभावों के सम्बन्ध में जागरुक किया जा रहा है, वहीं नशे का कारोबार करने वालों के विरुद्ध नकेल कसते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। निर्गत निर्देशों पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, परन्तु इसकी मुख्य कड़ी कहाँ से है इसपर ध्यान देने की आवश्यकता है।
फिलहाल , पुलिस ने कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट में मामला पंजीकृत किया है। पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन्स हर्षवर्द्धनी के प्रभावी पर्यवेक्षण में चेकिंग के दौरान जनपदीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक युवक के कब्जे से स्मैक बरामद की, पुलिस ने कोतवाली रुद्रप्रयाग में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर दिया है।अभियुक्त को मा0 न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि ललित नेगी पुत्र श्री विक्रम सिंह नेगी, निवासी ग्राम रिखोली, तहसील कर्णप्रयाग, जिला चमोली के कब्जे से 2.90 ग्राम स्मैक बरामद की गयी, जिसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
एसपी रुद्रप्रयाग ने कहा कि जनपद पुलिस का नशे के विरुद्ध कड़ा प्रहार निरन्तर जारी रहेगा।
Back to top button
error: Content is protected !!