केदारघाटी में गुलदार के आतंक से सहमे ग्रामीण, शेरसी में गाय की ली जान, लगातार दूसरी घटना से ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर आक्रोश

केदारघाटी में गुलदार के आतंक से सहमे ग्रामीण, शेरसी में गाय की ली जान, ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर आक्रोश
फाटा। केदारघाटी में गुलदार का आतंक थम नहीं रहा है। गत सोमवार की रात्रि गुलदार ने पांच मवेशियों को निवाला बनाया ही था कि वहीं बीते मंगलवार रात्रि को शेरसी गांव में गुलदार ने गाय को मौत के घाट उतार दिया। घटना से गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
बता दें कि मंगलवार रात्रि को शेरसी के ग्रामीण रामलाल की गौशाला का दरवाजा तोड़ गुलदार ने गाय को निवाला बना दिया। पीड़ित ने बताया कि प्रातः जब गौशाला की ओर गए तो मंजर देख हतप्रद रह गए तत्काल वन विभाग को सूचना दे दी गई। ग्राम संरपंच मोहन नौटियाल ने बताया कि गांव में गुलदार का आतंक थम नहीं रहा सोमवार को एक गाय को गुलदार ने मार दिया था, वहीं गम्भीर घायल बछिया भी मंगलवार को मृत हो गई। इस घटना से ग्रामीण उभरे नहीं थे कि मंगलवार रात्रि गांव में गुलदार ने एक ओर गाय को मार दिया। उन्होंने बताया गांव में विगत काफी दिनों से गुलदार का आतंक बना हुआ है। वहीं लगातार हो रही घटनाओ से भी वन विभाग कोई सबक नहीं ले रहा। ग्रामीणों ने गांव में पिंजरा लगाने की मांग की है तथा पीड़ित परिवार को उचित मुवावजे की भी मांग की है।
वन क्षेत्राधिकारी शंकर सिंह रावत ने बताया कि वन विभाग के कर्मी लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहे है। वहीं क्षेत्र के अन्य गांवों में भी गुलदार की धमक होने से आठ सदस्यीय टीम लगातार गश्त कर ग्रामीणों को भी जागरूक कर रहे हैं। साथ ही शेरसी में लगातार हो रही घटनाओं को लेकर पिंजरा लगाने की अग्रिम कार्यवाही जल्द की जाएगी।



