बजीरा वार्ड जिला पंचायत उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीता बुटोला विजय

बजीरा वार्ड जिपं उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीता बुटोला विजय
कांग्रेस प्रत्याशी को पराजित किया 1111 मतों से
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिला पंचायत के बजीरा वार्ड पर संपंन हुये उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीता बुटोला ने जीत हासिल की है। भाजपा प्रत्याशी नीता बुटोला ने कांग्रेस प्रत्याशी नीलम बुटोला को एकतरफा अंदाज में 1111 मतों के बड़े अंतर से हराया। जीत के बाद विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र दिया गया। जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी में आतिशबाजी करते हुये जमकर जश्न मनाया।
दरअसल, रुद्रप्रयाग जिला पंचायत के बजीरा वार्ड पर 20 नवम्बर को उप चुनाव संपंन हुये थे। पूर्व में संपंन हुये चुनाव में पूर्व जिपंस बिमला बुटोला का आकस्मिक निधन हो गया था। जिसके बाद यह सीट खाली हो गई थी। यह वार्ड ओबीसी घोषित था और भाजपा व कांग्रेस से एक-एक प्रत्याशी यहां चुनाव लड़ रहे थे। भाजपा ने यहां पूर्व में संपंन हुये चुनाव में मात्र 39 वोटों से पराजित हुई नीता बुटोला पर दोबारा दाव खेला। जबकि कांग्रेस ने यहां एक नई प्रत्याशी नीलम बुटोला को चुनाव मैदान में उतरा। चुनाव प्रचार-प्रसार में कम ही समय मिला। जिसका नतीजा यह रहा कि वार्ड के 22 पोलिंग बूथों पर काफी कम संख्या में मतदान हुआ। लोगों ने उप चुनाव में वोट करने में कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। शनिवार को मतगणना के दिन 11 बजे तक परिणाम आ गया था, जिसमें भाजपा प्रत्याशी नीता बुटोला ने कांग्रेस प्रत्याशी नीलम बुटोला को एक तरफा अंदाज में पराजित किया। भाजपा प्रत्याशी को 2532 तो कांग्रेस प्रत्याशी को 1421 मत पड़े। 60 मत रत पाये गये। जबकि कुल 4013 मत इस वार्ड के उप चुनाव में पड़े थे। जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने जमकर जश्न मनाते हुये आतिशबाजी की। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भटट ने कहा कि जनता का भरोसा भाजपा पर है। कांग्रेस को एक बार फिर से जनता ने दिखा दिया है कि कांग्रेस कही भी दूर-दूर तक नहीं है। जनता भाजपा की रीति व नितियों पर विश्वास करती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश का चहुमुखी विकास हो रहा है।



